×

Meerut: न्यूटिमा प्रकरण ने लिया राजनीतिक रंग, डॉक्टर्स को मिला BJP नेताओं का साथ, DM ऑफिस तक किया पैदल मार्च

Meerut News: डॉक्टरों ने भी सरधना विधायक पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इस मामले में न्यूटिमा हॉस्पिटल प्रबन्धन की तरफ से अतुल प्रधान समेत 409 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया।

Sushil Kumar
Published on: 28 Nov 2023 8:17 AM GMT
Meerut News
X

DM ऑफिस तक डॉक्टर्स का पैदल मार्च (Social Media)

Meerut News: मेरठ के न्यूटिमा प्रकरण में बीजेपी का सहयोग और आश्वासन मिलने के बाद इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। सपा विधायक अतुल प्रधान (SP MLA Atul Pradhan) के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के बैनर तले मंगलवार (28 नवंबर) को चिकित्सकों पर मानसिक प्रताड़ना के विरोध में बच्चा पार्क से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।

विरोध यात्रा आईएमए हॉल से शुरू होकर डीएम कार्यालय पहुंची। डीएम को चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा। दूसरी तरफ, सपा विधायक अतुल प्रधान ने 4 दिसम्बर से कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन अनशन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि, उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से नहीं है। बल्कि, निजी अस्पतालों में इलाज के नाम पर हो रही लूट से है। सपा विधायक ने न्यूटिमा प्रकरण विधानसभा में उठाने का ऐलान किया।

IMA का प्रतिनिधिमंडल बीजेपी नेताओं से मिला

आईएमए सचिव डॉ. तरुण गोयल (IMA Secretary Dr. Tarun Goyal) ने बताया कि, कल आईएमए हॉल में हुई विशेष सभा में यह निर्णय लिया गया था। डॉ. तरुण गोयल के अनुसार, न्यूटीमा अस्पताल प्रकरण में कल आइएमए का एक प्रतिनिधि मंडल भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय हरमन सिटी पर स्थानीय बीजेपी के पदाधिकारियो से मिला था। प्रतिनिधिमंडल में शामिल चिकित्सकों द्वारा न्यूटिमा प्रकरण को लेकर शुरू पूरे विवाद की जानकारी भाजपा नेताओं को देकर कार्रवाई की मांग की गई थी।'

जानिए क्या है विवाद?

ये मामला सपा से सरधना विधायक अतुल प्रधान (Sardhana MLA Atul Pradhan) और न्यूटिमा हॉस्पिटल के बीच आरोपों को लेकर विवाद चल रहा है। आपको बता दें कि, दौराला क्षेत्र के मवीमीरा गांव निवासी जितेंद्र की नवजात पुत्री सोनम का गढ़ रोड स्थित न्यूटिमा हॉस्पिटल में कई दिनों तक इलाज चला था। सात नवंबर को डॉक्टर ने उसकी छुट्टी कर दी थी। इलाज के बिल को लेकर परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बीच विवाद हो गया। अतुल प्रधान ने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने यहां इलाज में लापरवाही के साथ नक्शे को भी गलत बताते हुए एमडीए में शिकायत की थी।

वहीं डॉक्टरों ने भी सरधना विधायक पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। इस मामले में न्यूटिमा हॉस्पिटल प्रबन्धन की तरफ से अतुल प्रधान समेत 409 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया। तब से ही अतुल प्रधान और डॉक्टरों के बीच विवाद चला आ रहा है। इसी बीच विधायक पर दर्ज मुकदमे में विवेचक ने पहले एफआर लगा दी। हालांकि बाद डॉक्टरों के विरोध पर पुलिस ने केस डायरी को रोक कर पर्चे निरस्त किये और विधायक के खिलाफ चार्जशीट तैयार की।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story