×

सपा MLA अतुल प्रधान को मिला RLD का साथ, निजी अस्पतालों के महंगे इलाज के खिलाफ बैठे हैं आमरण अनशन पर

Meerut News: राष्ट्रीय लोक दल जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ ने कहा कि, 'राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह हमेशा से पीड़ितों तथा मजलूमों की पैरवी करते हुए आए हैं। हम सपा के साथ हैं।

Sushil Kumar
Published on: 5 Dec 2023 1:43 PM GMT
Meerut News
X

सपा MLA अतुल प्रधान को मिला RLD का साथ (Social Media)

Meerut News: मेरठ में निजी अस्पतालों की कथित लूट के खिलाफ चल रहे सपा विधायक अतुल प्रधान के आमरण अनशन को आम आदमी पार्टी (AAP) के बाद अब राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का भी समर्थन मिल गया है। अनशन के दूसरे दिन राष्ट्रीय लोकदल के नेता धरना स्थल पर पहुंचे। रालोद जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ ने समर्थन पत्र सौंपा।

मतलूब गौड़- RLD हमेशा मजलूमों के साथ

इस मौके पर राष्ट्रीय लोक दल जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़ ने कहा कि, 'राष्ट्रीय लोकदल (Rashtriya Lok Dal) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह हमेशा से पीड़ितों तथा मजलूमों की पैरवी करते हुए आए हैं। उन्होंने हमेशा संपूर्ण भारतवर्ष में पीड़ितों तथा मजलूमों के साथ लड़ाई लड़कर यह साबित किया है कि राष्ट्रीय लोक दल हमेशा मजलूमों के साथ खड़ा हुआ है। इसलिए आज मेरठ में निजी अस्पतालों में हो रही लूटमार के खिलाफ अतुल प्रधान द्वारा चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने का समर्थन किया जाता है।'

...तो पीड़ित उतरेंगे सड़क पर

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल (सामाजिक न्याय मंच) संगीता दोहरे ने कहा कि, 'धरती पर हमेशा से डॉक्टर को भगवान का दर्जा दिया जाता रहा है। किंतु, अब इन्हीं की खाल में कुछ अन्य लोग घुस गए हैं। अपने निजी स्वार्थ के लिए वह मरीज के साथ अत्याचार करने पर उतारू हैं। अगर, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इन पर लगाम नहीं लगाई गई तो राष्ट्रीय लोकदल के साथ-साथ संपूर्ण पीड़ित लोग और मेरठ के वह निवासी जो इन लोगों से पीड़ित हैं, सड़क पर उतरेंगे।'

आतिर रिज़वी- अस्पताल निभाएं नैतिक जिम्मेदारी

धरने को सम्बोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश महासचिव आतिर रिज़वी ने कहा, 'पीड़ित किसी भी परिवार का हो सकता है। इसलिए इस मुहिम में हमारी सबकी नैतिक ज़िम्मेदारी है कि इस यज्ञ में आहुति देने का कार्य करें। लूट-मार मचाने वाले अस्पतालों पर उत्तर प्रदेश सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। ऐसे अस्पतालों को तुरंत बंद कर दिया जाए, जो मरीज़ों पर अत्याचार करने का कार्य करते हैं'।

'रालोद का प्रत्येक सिपाही अतुल के साथ'

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र खजूरी ने कहा है कि, 'राष्ट्रीय लोकदल का प्रत्येक सिपाही अतुल प्रधान के साथ है। इस अनिश्चितकालीन धरने का पूर्ण रूप से समर्थन करता है। यह आश्वासन भी देता है कि जब भी जरूरत महसूस होगी तो प्रत्येक पदाधिकारी राष्ट्रीय लोकदल का अनिश्चितकालीन धरने में बैठने का कार्य करेगा।

सपा का हाथ मजबूत करेंगे

महानगर अध्यक्ष नईम सागर ने कहा कि, 'शहर की प्रत्येक विधानसभा से राष्ट्रीय लोकदल का प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी दिन-रात यहां धरने पर उपस्थित रहकर राष्ट्रीय लोकदल के साथ-साथ समाजवादी पार्टी और अतुल प्रधान के हाथों को मजबूत करने का कार्य करेगा। लूटमार करने वालों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने का कार्य करेगा।' धरने पर समर्थन पत्र देते समय मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़,प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्रीय लोकदल (सामाजिक न्याय मंच) संगीता दोहरे,नरेन्द्र खजुरी प्रदेश उपाध्यक्ष,आतिर रिज़वी प्रदेश महासचिव/प्रदेश प्रवक्ता(अल्पसंख्यक), नईम सागर महानगर अध्यक्ष, अशोक चौधरी कार्यालय प्रभारी मेरठ, इसरार जई जिला महासचिव, अनुराग पुनिया जिला सचिव,आमिर अली, नाज़िम अली,आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story