Meerut: राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ हॉकी मैच, संकाय सदस्यों की टीम ने छात्रों को किया 1-0 से पराजित

Meerut: प्रवक्ता के अनुसार वर्ष 2012 से प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। दरअसल, इसी दिन महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी का जन्म हुआ था।

Sushil Kumar
Published on: 29 Aug 2024 1:05 PM GMT
meerut news
X

राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ हॉकी मैच (न्यूजट्रैक)

Meerut News: स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हुए छात्र एवं संकाय सदस्यों के मध्य हॉकी मैच में शारीरिक शिक्षा विभाग एवं संकाय सदस्यों की टीम ने छात्रों की टीम को 1-0 से पराजित कर दिया। खेल समिति के संयुक्त तत्वावधान में फिट इंडिया मिशन हॉकी मैच के अंतर्गत खेले गए। हॉकी मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीईओ डॉ शल्या राज ने पेनाल्टी शूट से किया। मैच शुरू होने से पहले मुख्य अतिथि ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और सभी खिलाड़ियों को खेल की भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया।

विश्वविद्यालय प्रवक्ता के अनुसार वर्ष 2012 से प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। दरअसल, इसी दिन महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी का जन्म हुआ था। मेजर ध्यानचंद जी को हॉकी का जादूगर कहा जाता है। मेजर ध्यानचंद जी की स्मृति में विश्वविद्यालय में हॉकी मैच का आयोजन किया गया था। दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के डॉ. महावीर सिंह, कार्यवाहक डीन शिक्षा संकाय डॉ. अनोज राज ने भी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई दी और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही सभी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस और मेजर ध्यानचंद जी की विचारधारा से अवगत कराया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छात्र एवं संकाय सदस्यों के मध्य हॉकी मैच खेला गया। इस मैच में दोनों टीमों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मैच में विजेता शारीरिक शिक्षा विभाग के संकाय सदस्यों की टीम रही। संकाय सदस्य डॉ. मोहम्मद सलीम जावेद ने दो गोल किए तथा छात्रों द्वारा भी दो गोल किए गए, जिसके कारण समय समाप्ति तक परिणाम 2-2 से बराबर रहा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट किया गया, जिसमें दोनों टीमों को 5 पेनाल्टी शूट करने का मौका मिला। जिसमें संकाय सदस्य की टीम की ओर से पेनाल्टी शूट लेते हुए कपिल शाक्य द्वारा गोल किया गया, जिससे पूरे मैच का परिणाम बदल गया। इस प्रकार पेनल्टी शूटआउट में संकाय सदस्यों की टीम ने छात्रों की टीम को 1-0 से पराजित कर दिया। संकाय सदस्यों, डॉ. प्रवीण कुमार (कप्तान), डॉ. मंजू अधिकारी, डॉ. दीपक राघव, डॉ. अतुल तिवारी, डॉ. सलीम जावेद, डॉ. अंकित सिंह जादौन एवं कपिल शाक्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को विजयी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। संकाय सदस्यों की टीम को भी विद्यार्थियों ने कड़ी टक्कर दी।

इस आयोजन को लेकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में काफी उत्साह देखा गया तथा उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव डॉ प्रवीण कुमार के साथ विश्वविद्यालय क्रीड़ा समिति के सदस्य इंजीनियर मयंकेश्वर सिंह, इंजीनियरिंग कॉलेज, डॉ प्रभात, फार्मेसी कॉलेज, डॉ संगीता रानी, शिक्षा विभाग तथा ललित कला संकाय से डॉ नेहा सिंह एवं शिक्षा संकाय के गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में डॉ मंजू अधिकारी ने आभार व्यक्त किया।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story