×

Meerut News: चौधरी चरण सिंह की 121 वीं जयंती पर उठी 'भारत रत्न' देने की मांग

Meerut News: रालोद नेताओं द्वारा भारत का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न दिवंगत प्रधानमंत्री और प्रमुख किसान नेता चौधरी चरण सिंह को दिये जाने की भी मांग की गई।

Sushil Kumar
Published on: 23 Dec 2023 7:45 AM GMT
Meerut News
X

Meerut News (Newstrack)

Meerut News: किसानों के मसीहा व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की 121 वीं जयंती पर विभिन्न संगठनों ने कार्यक्रम आयोजित किए। चौधरी चरण सिंह पार्क, कमिश्नरी चौराहा पर रालोद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जहां यज्ञ का आयोजन कर पुष्प अर्पित किए, तो आम आदमी पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने किसान मसीहा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के आदर्शो पर चलने की लोगों से अपील की। वहीं, भाजपाइयों ने भी उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

कांग्रेस पूर्व प्रदेश सचिव चौधरी यशपाल सिंह ने भूतपूर्व प्रधानमंत्री, श्रद्धेय चौधरी चरण सिंह की 121वीं जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि किसान ही हिन्दुस्तान है। कांग्रेस नेता ने सभी किसान बहन-भाइयों को, खेत-मज़दूरों को किसान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी। रालोद के प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. राजकुमार सांगवान ने कहा कि चौधरी चरण सिंह देश के पहले नेता थे जिन्होंने किसानों के हक में सर्वाधिक कार्य किया। उन्होंने किसानों को न केवल अपने हक के लिए बोलना सिखाया बल्कि किसानों के बेटों के लिए आरक्षण की भी पुरजोर मांग की थी। इस मौके पर रालोद नेताओं द्वारा भारत का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न दिवंगत प्रधानमंत्री और प्रमुख किसान नेता चौधरी चरण सिंह को दिये जाने की भी मांग की गई।

'दिल्ली और खेतों पर नजर रखना जरुरूी'

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अंकुश चौधरी ने कहा स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह जी ने जो कहा था हमको उस पर अमल करना पड़ेगा देश के किसानों को एक नजर अपने खेत पर एक नजर दिल्ली पर रखनी पड़ेगी। खेत से नजर हटी तो फसल बर्बाद और दिल्ली से नजर हटी तो नस्ल बर्बाद हो जायेगी। आज हमारी नस्लों को बर्बाद करने का काम भारतीय जनता पार्टी कर रही है। जब तक किसानों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होगी तब तक देश की प्रगति संभव नहीं है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story