Meerut: निजी अस्पतालों के बिल के खिलाफ सपा MLA अतुल प्रधान का आमरण अनशन खत्म, कहा- आंदोलन समाप्त नहीं किया

Meerut News: नरेश उत्तम पटेल के अनुसार, 'अखिलेश यादव इस आंदोलन में पूरी तरह अतुल प्रधान के साथ हैं। लेकिन गूंगी बहरी सरकार के राज में न्याय की उम्मीद नहीं है, ऐसे में हम अपना जाबांज सिपाही भेंट नहीं चढ़ा सकते हैं।

Sushil Kumar
Published on: 11 Dec 2023 1:32 PM GMT
Meerut News
X

 सपा MLA अतुल प्रधान का आमरण अनशन खत्म (Social Media)

Meerut News: मेरठ के न्यूटिमा समेत निजी अस्पतालों के बिलों के विरोध में आमरण अनशन पर बैठे सपा विधायक अतुल प्रधान ने सोमवार (11 दिसंबर) को अपना अनशन समाप्त करने की घोषणा की। उनके अनशन का आठवां दिन था। अनशन समाप्त करने के लिए आज सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल (Naresh Uttam Patel) स्वयं कलेक्ट्रेट पहुंचे।

वहां से महापंचायत स्थल पर पहुंचकर अतुल प्रधान (Atul Pradhan) का आमरण अनशन समाप्त कराया। इस दौरान अतुल प्रधान और नरेश उत्तर पटेल दोनों ने कहा कि, 'सिर्फ आमरण अनशन समाप्त हुआ है। लेकिन, इस जनहित के मुद्दे पर आंदोलन जनता को न्याय मिलने तक जारी रहेगा।

'गूंगी-बहरी सरकार के राज में न्याय की उम्मीद नहीं'

बता दें कि आज अतुल प्रधान के समर्थकों ने कमिश्नरी चौक पर महापंचायत का ऐलान किया था। लेकिन, सुबह ही सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल कलेक्ट्रेट में अनशन स्थल पर पहुंचे और अतुल प्रधान के स्वास्थ्य की जानकारी ली। नरेश उत्तम पटेल ने अतुल प्रधान की सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से फोन पर बात कराई। नरेश उत्तम पटेल के अनुसार, 'अखिलेश यादव इस आंदोलन में पूरी तरह अतुल प्रधान के साथ हैं। लेकिन गूंगी बहरी सरकार के राज में न्याय की उम्मीद नहीं है, ऐसे में हम अपना जाबांज सिपाही भेंट नहीं चढ़ा सकते हैं। लेकिन इसका मतलब ये भी नहीं है कि यह आंदोलन आज समाप्त हो गया, बल्कि अब नई धार के साथ अतुल प्रधान के ही नेतृत्व में यह आंदोलन चलेगा।'

प्रधान ने चिकित्सकों पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

इस मौके पर अतुल प्रधान ने कहा कि, 'चिकित्सकों ने उन पर भ्रष्टाचार और गलत तरीके से संपत्ति बनाने का आरोप लगाया, जिस पर उन्होंने अपनी चल-अचल संपत्ति घोषित कर दी। लेकिन, चिकित्सक आज तक अपनी संपत्ति घोषित नहीं कर पाए। महापंचायत में एडीएम सिटी ब्रजेश सिंह और एसपी सिटी पीयूष कुमार सिंह महापंचायत के मंच पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि इस पूरे मामले को लेकर कमेटी गठित कर जांच कराई जाएगी और निजी अस्पतालों में व्याप्त अनियमितता दूर कराने के साथ ही अन्य जो मांगे हैं, वह शीघ्र पूरी कराई जाएंगी।'

गुरनाम चढूनी बोले- हमारा संगठन आंदोलन के साथ

किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी (Gurnam Singh Chaduni) ने कहा कि, 'वह और उनका संगठन इस आंदोलन में पूरी तरह साथ हैं। आज युवा, मजदूर अपने बेरोजगारी और भूख को लेकर आत्महत्या करने को मजबूर है। लेकिन यदि कहीं कसर रह जाती है तो अस्पतालों के ये कातिल मरीजों का कत्ल करते हैं। इस व्यवस्था से यदि हमें बाहर आना है, तो देश में एक बड़ी क्रांति की जरूरत है। महापंचायत को अतुल प्रधान की पत्नी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान के अलावा आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी, सपा महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, जिलाध्यक्ष विपिन कुमार सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story