Meerut News: मेरठ के खैर नगर में रानी अवंती बाई की शोभा यात्रा में पथराव, तनाव

Meerut News: हंगामा कर रहे लोगो का कहना था कि शोभायात्रा की परमिशन होने के बावजूद पर्याप्त फोर्स नहीं दी गई, जिस कारण हमला हुआ।

Sushil Kumar
Published on: 17 Aug 2024 5:34 AM GMT
Meerut News
X

अवंतीबाई लोधी की शोभायात्रा के दौरान हुआ बवाल (Pic: Newstrack)

Meerut News: शहर के संवेदनशील क्षेत्र खैरनगर में शुक्रवार रात निकाली जा रही अवंतीबाई लोधी की शोभायात्रा में पथराव के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। शोभायात्रा पर हमले की सूचना पर भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा समेत कई लोग बुढ़ाना गेट चौकी पर जमा हो गए। आधी रात को एसएसपी डा.विपिन ताड़ा भी मौके पर पहुंचे। इससे पहले मौके पर पहुंचे एसपी सिटी और एसपी क्राइम बड़ी मुश्किल से दोनो समुदाय के लोगो को समझा-बुझा कर शांत किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि दो पक्षों में डीजे को लेकर विवाद हुआ था, जिसे शांत करा दिया गया है। स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है, कहीं कोई तनाव नहीं है।

बता दें कि अवंतीबाई लोधी की जयंती पर जैनेस पैलेस से शुक्रवार शाम शोभायात्रा शुरू की गई। शोभायात्रा ब्रह्मपुरी से होते हुए खैरनगर पहुंची। यहां स्थानीय और शोभा यात्रा में शामिल लोगो में विवाद हो गया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा अचानक पथराव किये जाने से वहां भगदड़ मच गई। शहर के संवेदनशील क्षेत्र में हुई इस घटना की सूचना पर भाजपा और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जिन्होने पथराव करने वाले लोगो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरु कर दिया।


हंगामा कर रहे लोगो का कहना था कि शोभायात्रा की परमिशन होने के बावजूद पर्याप्त फोर्स नहीं दी गई, जिस कारण हमला हुआ। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि डीजे की कॉलम गिरने से दो बच्चे घायल हुए थे। इसके बाद विवाद हुआ था। हालांकि आयोजन समिति के सदस्य प्रवीण लोधी इस बात से इंकार करते हैं। उनका कहना है कि उनकी यात्रा में शामिल म्यूजिक सिस्टम का स्पीकर नहीं गिरा था। बच्चा किसी और चीज से घायल हुआ था। भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा ने पथराव करने वालो की गिरफ्तारी और उन पर रासुका के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story