Meerut News: हस्तिनापुर में पुरानी खूनी रंजिश में युवक की हत्या, परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

Meerut News: मेरठ जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर गांव लुकाधड़ी में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

Sushil Kumar
Published on: 3 Dec 2023 9:08 AM GMT
meerut news
X

मेरठ के हस्तिनापुर में युवक की हत्या (न्यूजट्रैक)

Meerut News: मेरठ जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर गांव लुकाधड़ी में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंकित पुत्र कंवरपाल के रूप में की गई है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। हत्या से गुस्साए परिजनों ने हस्तिनापुर थाने के बाहर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पीड़ित पक्ष लगातार थाना पुलिस से मदद की गुहार लगा रहा था परंतु पुलिस ने एक नहीं सुनी। इसके चलते रविवार को युवक की हत्या हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव लुकाधड़ी में अंकित की हमलावर पक्ष के साथ पिछले दो वर्षों से आपस में रंजिश चली आ रही थी। दरअसल, हमलावर पक्ष के एक व्यक्ति की कुछ वर्ष पहले हत्या हो गई थी। इस मामले को लेकर ही मृतक पक्ष व हमलावर पक्षों में आपस में दुश्मनी चली आ रही थी। परिजनों की मानें तो अंकित को जान से मारने की दूसरे पक्ष द्वारा कई दिनों से धमकी दी जा रही थी।

अंकित की सुरक्षा की मांग को लेकर स्थानीय पुलिस से गुहार लगायी गयी थी। लेकिन, पुलिस ने उनकी गुहार पर कोई कार्रवाई नहीं की। नतीजतन आज सुबह गांव में अंकित की खून से लथपथ लाश गांव में सरसों के खेत में पड़ी मिली। मृतक के शरीर पर गोली के निशान मिले हैं। उधर बताया जा रहा है कि आरोपी हमलावर पक्ष घटना के बाद से फरार है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में मृतक पक्ष से तहरीर लेकर आरोपी हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story