Meerut News: अस्पताल में भर्ती पिता को खाना देने जा रही किशोरी के साथ युवक ने किया तमंचे के बल पर दुष्कर्म, आरोपी फरार

Meerut News: पीड़ित किशोरी द्वारा एसएसपी,मेरठ से की शिकायत में बताया गया है कि किशोरी द्वारा घटना का विरोध किये जाने पर आरोपी युवक द्वारा उसकी पिटाई भी की गई। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

Sushil Kumar
Published on: 25 Sep 2023 3:17 PM GMT
Meerut News
X

Meerut News(Pic:Social Media)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में अस्पताल में भर्ती पिता को खाना देने जा रही 13 वर्षीय किशोरी के साथ तमंचे के बल पर कथित रुप से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित किशोरी द्वारा आज एसएसपी मेरठ को घटना के संबंध में शिकायत करने के बाद पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। वहीं आरोपी वारदात के बाद किशोरी और परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला।

आरोपी मौके से फरार

घटना जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर जनपद के थाना हस्तिनापुर क्षेत्र की है। पीड़ित किशोरी द्वारा एसएसपी,मेरठ से की शिकायत में बताया गया है कि किशोरी द्वारा घटना का विरोध किये जाने पर आरोपी युवक द्वारा उसकी पिटाई भी की गई। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी उसे और परिजनों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

किशोरी ने बताया क्या हुआ था?

किशोरी ने बताया कि घटना के दिन यानी 23 सितंबर को उसके पिता हस्तिनापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। किशोरी के अनुसार शाम करीब 6:30 बजे वह साइकिल से अपने पिता को खाना देने के लिए अस्पताल जा रही थी। गांव से हस्तिनापुर जाने वाले रास्ते पर एक गैस एजेंसी के समीप उसके पड़ोस का रहने वाला युवक बाइक से वहां पहुंचा। आरोपी ने किशोरी की साईकिल रोकी और फिर किशोरी की साइकिल व खाना छीनकर जंगल की ओर भागा। किशोरी भी अपनी साइकिल लेने उसके पीछे दौड़ी तो उसने कुछ दूरी पर जाकर किशोरी को पकड़ लिया। आरोप है कि किशोरी के विरोध करने पर आरोपी युवक ने उसकी पिटाई की और फिर तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इलाके के पुलिस क्षेत्राधिकारी आशीष शर्मा का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story