×

Moradabad News: भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, गांव के बाहर मिला शव

Moradabad News: तालाब किनारे क्षेत्र पंचायत सदस्य का लहूलुहान शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 7 March 2024 7:53 AM GMT (Updated on: 7 March 2024 8:15 AM GMT)
moradabad news
X

मुरादाबाद में क्षेत्र पंचायत सदस्य की गोली मारकर हत्या (सोशल मीडिया) 

Moradabad News: जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत तालाब किनारे क्षेत्र पंचायत सदस्य का लहूलुहान शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के साथ पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किये। सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र में चार थानों की फोर्स तैनात कर दी है। वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सतपाल खड़गवंशी (35) सोहरका गांव के रहने वाले थे। वह भारतीय जनता पार्टी से भी जुड़े थे। सतपाल खड़गवंशी के परिवार में पत्नी संतोष देवी और दो बेटे हैं। परिजनों के अनुसार बुधवार शाम सत्यपाल खड़गवंशी खेत जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह एक जन्मदिन की पार्टी में भी शामिल होने के लिए गये थे। लेकिन वापस घर नहीं लौटे। जब वह रातभर घर नहीं लौटे तो परिजनों ने गुरूवार को मंदिर में उनके लापता होने की जानकारी दी।

परिजन क्षेत्र पंचायत सदस्य की खोजबीन में जुटी हुई थी। तभी ग्रामीणों ने गांव से बाहर तालाब के किनारे सतपाल खड़गवंशी का लहूलुहान शव पड़ा देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। सतपाल खड़गवंशी के कनपटी से नीचे सटाकर गोली मारकर हत्या की गयी थी। क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पर सुरक्षा के लिहाज से गजरौला, सैदनगली समेत कई थानों का फोर्स तैनात कर दी गयी है।

मौके पर एएसपी राजीव कुमार सिंह भी पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी ने बताया कि परिजनों ने तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story