TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

युवक की मौत पर भिड़े पुलिस और ग्रामीण, अवैध वसूली का आरोप, चार पुलिसकर्मियों पर FIR

Moradabad News: ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने अवैध वसूली के लिए ट्रैक्टर का पीछा किया। इसी के चलते हादसा हुआ और युवक की मौत हो गई।

Sudhir Goyal
Published on: 27 Sep 2024 7:39 AM GMT (Updated on: 27 Sep 2024 8:36 AM GMT)
Moradabad News
X

मौके पर पहुंची पुलिस (Pic: Social Media)

Moradabad News: मुरादाबाद में अवैध वसूली के चलते एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जीप से मिट्टी भराव करने वाले ट्रैक्टर ट्रॉली का पीछा किया। इस दौरान वह अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे पहले ट्रैक्टर प्लॉट में मिट्टी भराव कर रहे युवक को कुचल कर आगे निकल गया। इसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया। ग्रामीण पुलिस को मौत का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। तनाव के बीच लोगों ने पुलिस पर पथराव भी कर दिया। इसमें एक सिपाही घायल हो गया है। साथ ही लोगों ने जीप की हवा भी निकाल दी।

चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR

युवक की हत्या के बाद ठाकुरद्वारा कोतवाली में चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। इनमें दो नामजद और दो अज्ञात हैं। एफआईआर धर्मपाल सिंह ने दर्ज कराई है। सिपाही अनीस और नरेश सहित दो अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। सभी चार पुलिसकर्मी ठाकुरद्वारा कोतवाली में तैनात हैं। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

ग्रामीणों ने पुलिस को ठहराया जिम्मेदार

मामला मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव तरफ दलपत का है। गांव में आज यानी शुक्रवार को ग्रामीण की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, लोकेश उर्फ मोनू सैनी (32) की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। मोनू अपने प्लॉट में मिट्टी भराव करा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित ट्रैक्टर के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने युवक की हत्या का जिम्मेदार पुलिस को ठहराया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मिट्टी ढोने वाले ट्रैक्टर का अवैध वसूली के लिए पीछा किया। इसी के चलते ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ा और यह हादसा हुआ।

लोगों ने जाम किया रोड

युवक की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोश में आ गए। उन्होंने पुलिस को घेर लिया। मौके पर मौजूद पुलिस पर पथराव किया गया। एक पुलिसकर्मी के घायल होने की खबर है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने ट्रैक्टर रोकने को मजबूर किया। इसलिए हादसा हुआ। गुस्साए लोग दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने ठाकुरद्वारा-जसपुर रोड जाम कर दिया। उन्होंने पुलिस के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि पुलिस आए दिन अवैध वसूली करती है।

अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

ग्रामीणों का बढ़ता आक्रोश देख अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए कई थानों की पुलिस गांव में पहुंची है। प्रशासन भी सतर्क हो गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया मगर मौत से आहत ग्रामीण शांत होने का नाम नही ले रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story