×

Moradabad: केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे महानगर अध्यक्ष गिरफ्तार

Moradabad: जिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे महानगर अध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Sudhir Goyal
Published on: 23 March 2024 7:12 AM GMT
moradabad news
X

मुरादाबाद में केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे महानगर अध्यक्ष गिरफ्तार (न्यूजट्रैक)

Moradabad News: जिले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे महानगर अध्यक्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शनिवार को भी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। मुरादाबाद में लोकसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया और धारा-144 के चलते पुलिस प्रशासन ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया।

लेकिन महानगर अध्यक्ष रविंद्र भाटिया पुलिस सक्रियता को धता बताते हुए कार्यकर्ताओं के साथ आंबेडकर पार्क पहुंच गए। यहां उन्होंने केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। वहीं महानगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सभी दलों के नेताओं को ईडी की धमकी देकर भाजपा में शामिल होने के लिए मजबूर कर रही है। जो नेता भाजपा की बात नहीं मान रहे। उन्हें झूठे मुकदमों में फंसा कर जेल भेजा रहा है। आम आदमी पार्टी के मुखिया एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बिना तथ्यों के आधार पर ईडी ने गिरफ्तार किया है लेकिन आम आदमी पार्टी हार नहीं मानने वाली है। भाजपा सरकार की मनमानी का विरोध करती रहेगी।

पुलिस को देख मची भगदड़

वहीं जब आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शन की जानकारी पुलिस प्रशासन को लगी तो पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम को देखकर मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में भगदड़ मच गई। कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर वहां से खिसक गए। लेकिन, महानगर अध्यक्ष रविंद्र भाटिया पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस महानगर अध्यक्ष को गिरफ्तार कर थाने ले आई। यहां उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई की है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी राम प्रसाद शर्मा का कहना है कि धारा 144 का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर आम आदमी पार्टी के महानगर अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शन में शामिल अन्य कार्यकर्ताओं की पहचान की जा रही है उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story