Moradabad: चामुंडा देवी मंदिर स्थल निर्माण पर विवाद, दो पक्ष आपस में भिड़े, पुलिस ने चटकाई लाठियां

Moradabad News: एसडीएम आदेश के बाद चामुंडा मंदिर कमेटी मंगलवार को निर्माण करा रही थी। तभी दूसरे पक्ष के कुछ लोग जमा हो गए। पुलिस के सामने ही चारदीवारी निर्माण का विरोध करने लगे।

Sudhir Goyal
Published on: 19 Dec 2023 2:12 PM GMT (Updated on: 19 Dec 2023 2:15 PM GMT)
Moradabad News
X

चामुंडा देवी मंदिर स्थल निर्माण (Social Media) 

Moradabad News: मुरादाबाद के थाना मुंडा पांडे क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार (19 दिसंबर) को धार्मिक स्थल निर्माण कार्य को लेकर दो पक्ष पुलिस के सामने ही भिड़ गए। मौक़े पर मौजूद पुलिस बल ने लाठियां चलाकर हल्का बल प्रयोग कर विरोध-प्रदर्शन कर रहे पक्ष को दौड़ाया। हालांकि, बाद में पथराव भी हुआ।

मुरादाबाद के थाना मुंडा पांडे क्षेत्र की ग्राम पंचायत रौंडा-झोंडा में चामुंडा देवी मंदिर की चार दीवार निर्माण को लेकर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया। आख़िरकार पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी। तब जाकर मामला शांत हुआ।

क्या है मामला?

आपको बता दें कि, मुंडा पांडे ब्लॉक के गांव रौंडा-झोंडा में चामुंडा देवी का एक मंदिर है। जिसके चारों ओर की कुछ जगह मंदिर की बताई जा रही है। नवंबर माह के आखिर में चामुंडा मंदिर का गांव की चामुंडा मंदिर कमेटी चारदीवारी कर गेट लगवा रही थी। जिसे लेकर दूसरा पक्ष सामने आ गया। कहने लगा कि, जगह ग्राम सभा की है। निर्माण रोकना पड़ेगा। विवाद बढ़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। दोनों पक्ष के लोगों को शांति भंग में निरुद्ध कर दिया।


SDM ने लेखपाल को दिए नापी के आदेश

उसके बाद गांव के कुछ लोगों ने उप जिलाधिकारी सदर के पास अर्जी लगाई। उन्होंने कहा, चामुंडा मंदिर का निर्माण ग्राम सभा की जमीन पर हो रहा है। तब एसडीएम सदर ने लेखपाल से नाप करने के बाद चामुंडा मंदिर कमेटी को 3 मीटर तक चारदीवारी देने के आदेश दिए।

एसडीएम के आदेश पर भी आपत्ति

इसी आदेश के बाद चामुंडा मंदिर कमेटी मंगलवार को निर्माण करा रही थी। तभी दूसरे पक्ष के कुछ लोग जमा हो गए। पुलिस के सामने ही चारदीवारी निर्माण का विरोध करने लगे। जिस पर पुलिस ने उन्हें एसडीएम के आदेश का हवाला दिया। कहा गया सरकारी आदेश के अनुसार ही निर्माण हो रहा है। परंतु, दूसरा पक्ष एसडीएम के आदेश देखने पर अड़ गया। जिस पर पुलिस और दूसरे पक्ष में विवाद बढ़ने लगा। पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को तितर-बितर किया । पुलिस द्वारा किए लाठीचार्ज में विरोध कर रहे कई लोग चोटिल हो गए। जबकि कई घायल हुए।

दूसरे पक्ष ने ये कहा

वहीं, दूसरा पक्ष पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा रहा है। विरोध कर रहे पक्ष की ओर से एडवोकेट जैनब ने बताया कि, 'एसडीएम के आदेश अनुसार चामुंडा मंदिर की चारदीवारी को तीन मीटर तक चारों तरफ के हैं। परंतु मंदिर कमेटी के लोग इससे भी जायदा जगह पर निर्माण करा रहे हैं। पुलिस ने हमारी एक बात नहीं सुनी और लाठियां चलाने लगे। पुलिस ने महिलाओं पर लाठीचार्ज कर घरों में दौड़ाया। हंगामे की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौक़े पर पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक अमला गांव में ही डेरा डाले हुए था।' ये भी बता दें कि, ये गांव मुस्लिम बाहुल्य है। आसपास के गांव में भी मुस्लिम लोगों की बहुलता है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story