Ayodhya Ram Mandir: राम लला के स्नान की ख़ातिर हरिद्वार से गंगाजल ले अयोध्या कूच, साधु-संतों के जत्थे ने लगाया जयकारा

Ramlala Pran Pratishtha: हर ओर जय श्री राम के नारे लग रहे थे। 'मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे' भजन गाते हुए साधु संतों का जत्था और नगरवासी दिखे। पूरा राष्ट्रीय राजमार्ग राम मय हो गया।

Sudhir Goyal
Published on: 17 Jan 2024 11:38 AM GMT
Moradabad News
X

हरिद्वार से गंगाजल ले अयोध्या कूच करते साधु (Social Media) 

Moradabad News: राम मंदिर के लिए हर कोई अपनी अपनी श्रद्धा के मुताबिक़ कुछ न कुछ करने को तैयार है। तमाम लोगों ने भाव के मुताबिक़ भक्ति की भी है। इसी क्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद (Akhil Bharatiya Akhara Parishad) और माँ मनसा देवी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में राम लला की मूर्तियों को स्नान के लिए गंगाजल ले कर जा रहा है। श्रद्धालुओं के इस जत्थे ने हरिद्वार से गंगाजल लिया है। इन्हें अयोध्या बीस तारीख़ तक पहुँचना है। कल रात यह जत्था मुरादाबाद रुका था। इस जत्थे में अखाड़ा परिषद के तीस साधु संत शामिल हैं।

अल सुबह साधु-संतों की टोली अयोध्या रवाना

अल सुबह साधु-संतों की यह टोली गंतव्य अयोध्या की ओर निकली। मार्ग में मुरादाबाद नगर विधायक रितेश गुप्त ने साधु संतों पर पुष्प वर्षा कराई। मार्ग में क्षेत्र वासी भी पुष्प वर्षा करते दिखे। इस अवसर पर राम-सीता व लक्ष्मण की मनमोहक झांकी भी दिखी। जो क्षेत्रवासियों का मन मोह रही थीं। हर क्षेत्र वासी झांकी की आरती करने को आतुर दिखा। परंतु समय के अभाव के चलते चंद लोगों को ही राम सीता, लक्ष्मण की आरती करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।


हर ओर जय श्री राम के नारे

हर ओर जय श्री राम के नारे लग रहे थे। 'मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे' भजन गाते हुए साधु संतों का जत्था और नगरवासी दिखे। पूरा राष्ट्रीय राजमार्ग राम मय हो गया। मुरादाबाद, रामपुर, बरेली शाहजहांपुर, हरदोई के रास्ते लखनऊ होते हुए यह जत्था अयोध्या पहुंचेगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story