×

सैफई महोत्सव पर छाए संकट के बादल, मुलायम के कुनबे में कलह बनी वजह

By
Published on: 10 Nov 2016 12:30 AM GMT
सैफई महोत्सव पर छाए संकट के बादल, मुलायम के कुनबे में कलह बनी वजह
X

लखनऊः यूपी में सपा की सरकार हो और सैफई महोत्सव का मामला हो तो पूरे देश की निगाहें इटावा के इस कस्बे पर टिक जाती हैं, लेकिन इस साल ये महोत्सव खटाई में पड़ता दिख रहा है। वजह सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह के कुनबे में कलह है। दिसंबर आने को है, लेकिन अब तक सैफई महोत्सव की तारीखें तय नहीं हो सकी हैं।

तारीखें क्यों नहीं हुईं तय?

सूत्रों के मुताबिक सैफई महोत्सव की तारीखें तय करने के लिए मुलायम का पूरा कुनबा इकट्ठा होता था। इस बार ऐसा नहीं है। कुनबे में कलह की वजह से परिवार के लोग एक-दूसरे से मिल नहीं रहे हैं। ऐसे में महोत्सव कब शुरू होगा, इसे लेकर कोई चर्चा ही नहीं हो सकी है। वैसे कहा जा रहा है कि अपने भतीजे रणवीर सिंह की पुण्यतिथि के मौके पर यादव परिवार एक साथ सैफई में होगा। उस दौरान महोत्सव की तारीखें तय हो सकती हैं। बता दें कि रणवीर सिंह के नाम पर बनी समिति ही सैफई महोत्सव कराती है।

पिछले साल लगा था सितारों का मेला

पिछले साल यानी 2015 में सैफई महोत्सव 26 दिसंबर से 11 जनवरी तक हुआ था। उस दौरान बॉलीवुड के सितारे सैफ अली खान, करीना कपूर, रणबीर सिंह, सोनाक्षी सिन्हा, अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा आए थे और जमकर मनोरंजन किया था।

बीते साल भी हुआ था मनमुटाव

बता दें कि बीते साल भी सैफई महोत्सव के दौरान मुलायम के परिवार में खटपट हुई थी। उस वक्त सीएम अखिलेश यादव काफी दिनों तक महोत्सव में नहीं गए थे। इसकी वजह ये थी कि उनके खास सुनील सिंह साजन और आनंद भदौरिया को मुलायम ने पार्टी से निकाल दिया था। इस बार भी दोनों को शिवपाल सिंह ने सपा से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

Next Story