×

नगर पालिका चुनाव: गोंडा में भाजपा-सपा में पालिकाध्यक्ष के लिए टक्कर

raghvendra
Published on: 17 Nov 2017 7:30 AM GMT
नगर पालिका चुनाव: गोंडा में भाजपा-सपा में पालिकाध्यक्ष के लिए टक्कर
X

गोंडा: स्थानीय सरकार की दुंदुभि बज चुकी है। सारी सेनाएं रण में उतर चुकी हैं। कई दलों ने अपने-अपने सेनापति भी मुकर्रर कर दिए हैं। इस समर में जनपद मुख्यालय की तपिश सबसे ज्यादा होनी जायज है। यहां की जंग में भाजपा सपा, बसपा और कांग्रेस समेत चार दलों के उम्मीदवारों के मध्य मुख्य संघर्ष तय माना जा रहा है। यहां सत्तारुढ़ दल और समाजवादी पार्टी के बीच मुख्य संघर्ष की सिथति बनती दिख रही है। जबकि नवाबगंज में देवरानी जेठानी के सामने आने और सत्तारुढ़ भाजपा के ही सांसद द्वारा भाजपा प्रत्याशी के विरुद्ध प्रत्याशी उतारने से मुकाबला रोचक हो गया है।

नगर पालिका गोंडा में प्रत्याशी के लिए एक से बढक़र एक नाम सामने आए और अंतत: अटकलें खत्म हो गईं। सभी दलों ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। भाजपा समेत सभी दलों ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दिया है। भाजपा ने माया शुक्ला, सपा ने पूर्व अध्यक्ष कमरुद्दीन की बेटी उजमा राशिद, बसपा ने पूर्व प्रत्याशी रहे जकी की मां मन्नन और कांग्रेस ने जिले के वरिष्ठ पत्रकार गोमती शरण प्रेमी की बहू नूतन श्रीवास्तव को उममीदवार बनाया है। वहीं आप की उममीदवार अनीता श्रीवास्तव और निर्दल रुचि मोदी भी मैदान में हैं। लेकिन अब अंदर से जो खबरें छनकर आ रही हैं उनसे लगभग तय हो गया है कि आने वाले दिनों में टक्कर भाजपा और सपा प्रत्याशियों के बीच होने वाली है।

इस खबर को भी देखें: यूपी इतना पीछे! नीति आयोग की रिपोर्ट ने खोली विकास की पोल

सूत्रों का कहना है कि यहां निर्वतमान अध्यक्ष निर्मल श्रीवास्तव की मां पूनम श्रीवास्तव के चुनाव लडऩे से बीजेपी को झटका लगा है। एक वरिष्ठ बीजेपी नेता कहते हैं कि पार्टी के एक सांसद और विधायक के असहयोग के कारण माया को और संघर्ष करना होगा। इनके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता रुचि मोदी सामाजिक कार्यक्रमों से इस रेस में काफी तेजी से चल रही हैं। इन दोनों के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता अनीता श्रीावस्तव आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ रहीं अनीता भी जीत के दावे कर रहीं हैं। वहीं खरगूपुर में निवर्तमान चेयरमैन लाल मोहम्मद और कटरा में सुबराती भी सपा के सिंबल पर ताल ठोंक रहे हैं।

कटरा में सपा और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। जबकि कर्नलगंज पालिका में सपा ने निवर्तमान अध्यक्ष मो. शमीम अच्छन की पत्नी रजिया खातून को चुनाव मैदान में उतारा है तो वहीं भाजपा ने यहां प्रत्याशी नहीं उतारा है।

भाजपा से अंजू सिंह और सपा की अल्पना में टक्कर

नवाबगंज नगर पालिका में दो बार अध्यक्ष रहीं अंजू सिंह और उनकी देवरानी अल्पना आमने सामने हैं। वह भी तब जब दोनों के ससुर और कई बार पालिकाध्यक्ष रहे डा. हरिपाल सिंह की तेरहवीं भी नहीं हुई है। मात्र एक बार को छोडक़र इस पालिकाध्यक्ष के पद पर अंजू और अल्पना के ही परिवार का कब्जा रहा। पहले कई बार उनके ससुर डा. हरिपाल सिंह ंके बाद विगत तीन चुनाव में अंजू सिंह विजई रहीं।

इस बार उनके घर में ही फूट डालकर उनके विरोधियों ने देवरानी अल्पना पत्नी धर्मेन्द्र सिंह को सपा के सिम्बल पर चुनाव मैदान में उतार दिया। लेकिन गत कई बार से अध्यक्ष रहीं अंजू सिंह की पहचान एक विकास परक एवं समाज सेविका के रुप में हैं। उन्होंने लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनायी है। वहीं अल्पना भी अपने ससुर स्व. डा. हरिपाल सिंह की फोटो लगाकर अपनी जेठानी अंजू सिंह के खिलाफ मत और सर्मथन मांग रही हैं।

परसपुर में पहली बार हो रहा निकाय चुनाव

ग्राम सभा से नगर पंचायत बने परसपुर में चुनाव के अध्यक्ष व सभासद पद के दावेदारों ने अपनी भागदौड़ तेज कर दी है। यह पहला मौका है कि चाय पान नाई होटल की दुकान पर नगर पंचायत चुनाव की चर्चा जोरों पर है। पार्टीगत चुनाव लडऩे वाले दावेदारों को लेकर क्षेत्र में तरह तरह की चर्चाएं हैं। भाजपा समेत सपा बसपा कॉंग्रेस व अन्य पार्टी से टिकट के दावेदारों की लंबी कतार रही। लेकिन भाजपा ने पूर्व प्रधान वासुदेव सिंह की पत्नी विमला सिंह और सपा ने राम सिंह की भाभी शारदा सिंह को नगर पंचायत अध्यक्ष पद का टिकट देकर मैदान में उतारा है।

महिला के लिए आरक्षित नवसृजित नगर पंचायत परसपुर के इस चुनाव में अध्यक्ष पद कीे महिला उम्मीदवार अपने परिजनों के सहारे चुनाव मैदान में उतर चुकी हैं। आटा से पूर्व प्रधान वासुदेव सिंह सरल व सहज व्यक्तित्व के उम्मीदवार माने जाते है। राजनीति में राम सिंह के पिता राजदेव सिंह प्रधान व परिवार में ब्लॉक प्रमुखी रही है। इसी पंचायत के ग्राम आटा से अजय सिंह की पत्नी वर्तमान प्रधान हैं। इन्हीं के परिवार की नीलम सिंह पुत्रवधू मैन बहादुर सिंह एवं सुभाष चंद्र सिंह उर्फ टिंकू सिंह की पत्नी उमा सिंह भी निर्दल के रूप में चुनाव मैदान में हैं। सभी प्रत्याशी नगर पंचायत क्षेत्र में मतदाताओं से जनसम्पर्क में जुटे हुए हैं। यहां भाजपा और सपा प्रत्याशियों के मध्य कड़ी टक्कर के आसार बन रहे हैं।

raghvendra

raghvendra

राघवेंद्र प्रसाद मिश्र जो पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद एक छोटे से संस्थान से अपने कॅरियर की शुरुआत की और बाद में रायपुर से प्रकाशित दैनिक हरिभूमि व भाष्कर जैसे अखबारों में काम करने का मौका मिला। राघवेंद्र को रिपोर्टिंग व एडिटिंग का 10 साल का अनुभव है। इस दौरान इनकी कई स्टोरी व लेख छोटे बड़े अखबार व पोर्टलों में छपी, जिसकी काफी चर्चा भी हुई।

Next Story