×

Muzaffarnagar: पुलिस ने 24 घंटे में सुलझी हत्या की गुत्थी, आरोपियों ने सुनाई दिल दहला देने वाली कहानी

Muzaffarnagar : पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, मृतक बंटी शातिर बदमाश था। उस पर मवाना थाना क्षेत्र में तकरीबन 15 आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। रंजिशन उसकी हत्या हुई है।

Amit Kaliyan
Published on: 29 Oct 2022 3:22 PM GMT
muzaffarnagar crime news up police solved bunty murder case in 24 hours accused arrested
X

मुजफ्फरनगर पुलिस की गिरफ्त में दोनों हत्या आरोपी 

Muzaffarnagar Crime News : यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कोतवाली क्षेत्र के सिखेड़ा गांव में शुक्रवार को जंगल से एक व्यक्ति का गोली लगा शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान मेरठ जिले के गांव खेड़की जदीद निवासी बंटी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक बंटी के भाई की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार (29 अक्टूबर 2022) को दो नामजद आरोपी सतीश गुर्जर और हेम सिंह को गिरफ्तार किया। जिनके पास से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस, चाकू और एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया है।

क्या है मामला?

पुलिसिया पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, मृतक बंटी एक शातिर बदमाश था। उस पर मवाना थाना क्षेत्र में तकरीबन 15 आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं। गांव में हर कोई बंटी से खौफ खाता था। हत्या के आरोपी सतीश ने ये भी बताया कि कुछ दिन पहले बंटी का उससे झगड़ा हो गया था। तब बंटी ने उसे सरेराह बेइज्जत किया था। इसी रंजिश के चलते 27 अक्टूबर को सतीश गुर्जर ने बंटी को शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाया। अपने साथ ले गया। सतीश ने शराब पीने के बाद अपने साथी हेमसिंह के साथ मिलकर बंटी की सिखेड़ा गांव के जंगल में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

एसपी ने दी ये जानकारी

इस मामले में विशेष जानकारी देते हुए एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि, थाना खतौली में शुक्रवार को बंटी नामक व्यक्ति की हत्या के संबंध में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में दो लोगों को नामजद किया गया था। थाना खतौली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों के नाम सतीश गुर्जर और हेम सिंह है। सतीश गुर्जर मवाना थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि हेम सिंह थाना खतौली क्षेत्र का निवासी है। शुरुआती पूछताछ में कुछ दिन पूर्व सतीश और मृतक बंटी के झगडे की जानकारी मिली। रंजिशन सतीश ने अपने मित्र हेम सिंह के साथ मिलकर बंटी को मौत के घाट उतार डाला। उन्होंने बताया कि, मृतक बंटी है उसके ऊपर भी थाना मवाना में तकरीबन 15 मुकदमे दर्ज थे। इसके अतिरिक्त हत्या में प्रयुक्त तमंचा, कारतूस, चाकू और एक बाइक भी बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story