×

Muzaffarnagar News: डांस करने के दौरान हुए विवाद में चली गोली, युवक की हुई दर्दनाक मौत

Muzaffarnagar News: डीजे पर हुए विवाद के चलते गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रास्ते में ही हुई युवक की दर्दनाक मौत।

Amit Kaliyan
Published on: 1 Feb 2024 7:45 AM GMT
Muzaffarnagar News
X

(मृतक) निखिल तिवारी फाइल फोटो  source : social media 

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में बुधवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर हुए विवाद के चलते गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से युवक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया था लेकिन रास्ते में ही युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी।

डीजे वालों से हुआ विवाद

दरसअल मंसूरपुर थाना क्षेत्र के दिल्ली देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर स्थित किंग्स विला रिसोर्ट में देर रात मुजफ्फरनगर नगर निवासी निखिल तिवारी उम्र 25 वर्ष अपने दोस्त की शादी में गए थे। जहाँ डीजे पर डांस के दौरान कुछ लोगों का डीजे वालो से किसी बात पर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद को रोकने के लिए जब निखिल बीच में बोल पड़ा तो आरोपियों ने निखिल के गोली मार दी। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक निखिल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टर ने निखिल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया था लेकिन मेरठ जाते समय रास्ते में ही निखिल तिवारी की मौत हो गई।

घर में छाया मातम

इस घटना के बाद जहां मृतक युवक निखिल तिवारी के घर में मातम छा गया तो वहीं तरफ पुलिस भी अब रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर आरोपियों की सिनाख़्त करने में जुट गई है। इस घटना के बारे में जहां मृतक युवक निखिल के पिता अनिल कुमार तिवारी ने बताया कि "हमारे पास सेवेंन बेला पर शादी का कार्ड आया था तो हमारा बेटा उसी शादी में गया था। शादी में पता नहीं कुछ लड़कों से क्या हुआ या क्या नहीं हुआ और जो लड़के मौजूद थे उनकी डीजे वालों से कुछ नोक झोंक हो रही थी तो हमारे बेटे ने उन्हेंटोक दिया। बस इतनी सी बात पर गोली मार दी। हम तो लड़के वालों की तरफ से गए हुए थे। लड़के वाले हमारे जानने वाले थे। वह हमारे लड़के के दोस्त की ही शादी थी, झगड़ा तो हुआ ही नहीं उसने तो केवल रोका था कि डीजे वालों कों क्यों गाली दे रहे हो।'

मामले की जाँच में जुटी पुलिस

इस घटना की जानकारी देते हुए सीओ खतौली रविशंकर मिश्रा ने बताया 31 फरवरी की रात में लगभग 1:30 बजे मंसूरपुर थाना पुलिस को एक सूचना प्राप्त हुई कि किंग्स विला रिसोर्ट में एक बारात आई हुई थीं और उन बारातियों में किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हुआ। वही झगड़े के दौरान फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हुआ है, इस सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए मंसूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों द्वारा भी मौके का निरीक्षण किया गया। इसमें लोगों से भी पूछताछ की गई और प्रारंभिक तौर पर जानकारी सामने आई कि इसमें निखिल नाम के व्यक्ति को गोली लगी है जो घायल हो गया है। घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर ले जाया गया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। वही हायर सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई है, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त करके सुसंगत धाराओं में मंसूरपुर थाने पर अभियोग पंजीकृत कराया गया है और इसमें आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं उनकी गिरफ्तारी के लिए तत्काल टीमों का गठन कर दिया गया है, यह जो बारात आई थी वसुंधरा गाजियाबाद से आई हुई थी एवं उनके घर वाले मुल्तय जाट कॉलोनी मुजफ्फरनगर के हैं। वही इस पूरी घटना में जिस व्यक्ति निखिल की मृत्यु हुई है। यह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चौधरी चरण सिंह कॉलोनी मुजफ्फरनगर के रहने वाले थे। इसमें समस्त अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है एवं आरोपियों को पकड़ने का पूरा प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।

Aakanksha Dixit

Aakanksha Dixit

Content Writer

नमस्कार मेरा नाम आकांक्षा दीक्षित है। मैं हिंदी कंटेंट राइटर हूं। लेखन की इस दुनिया में मैने वर्ष २०२० में कदम रखा था। लेखन के साथ मैं कविताएं भी लिखती हूं।

Next Story