×

Muzaffarnagar News: राकेश टिकैत पहलवानों के समर्थन के लिए दिल्ली रवाना, पश्चिमी यूपी के कई जिलों में समर्थकों को रोका

Muzaffarnagar News: राकेश टिकैत दिल्ली रवाना, पहलवानों के धरने का करेंगे समर्थन, किसानों के दिल्ली कूच से हड़कंप

Amit Kaliyan
Published on: 28 May 2023 11:45 AM GMT (Updated on: 28 May 2023 2:50 PM GMT)

Muzaffarnagar News: देश के संसद की नई बिल्डिंग का रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करने वाले हैं। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने भी पहलवानों के समर्थन में दिल्ली पहुंचने का एलान कर रखा था और अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत वो मुजफ्फरनगर से दिल्ली रवाना हो गए हैं।

कई राज्यों से किसान दिल्ली की ओर रवाना

पहलवानों का समर्थन करने जा रहे किसान हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के साथ-साथ सभी जगहों से बड़ी तादाद में दिल्ली बॉर्डर पर इकट्ठा होंगे। राकेश टिकैत ने बताया कि उत्तर प्रदेश से जाने वाले किसान गाजीपुर बॉर्डर पर किसान क्रांति गेट पर पहुंचेंगे। हरियाणा वाले सिंधु बॉर्डर पर इकट्ठा होंगे जो लोग जहां-जहां से भी आएंगे, वह अपने-अपने बॉर्डर पर पहुंचेंगे। राकेश टिकैत ने कहा कि एक महीने से भी ज्यादा हो गया है, पहलवानों का धरना चलते हुए। जिसमें रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। सब लोग इकट्ठा होकर संसद पर जाकर प्रधानमंत्री जी का भाषण सुनेंगे। राकेश टिकैत की माने तो दिल्ली में पहले किसानों का धरना 13 महीने चला, उसका कोई समाधान आज तक नहीं निकला है, इसका रिजल्ट क्या होगा किसी को नहीं पता है।

बार्डर सील होने पर मांगेगे जवाबः टिकैत

मुजफ्फरनगर से दिल्ली के लिए रवाना हुए टिकैत व अन्य किसान गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचने के बाद जंतर-मंतर जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाकियू कार्यकर्ताओं को घरों में बंद किया है। हम दिल्ली पुलिस से जाकर बात करेंगे बॉर्डर सील क्यों किए गए। गौरतलब है कि राकेश टिकैत मुजफ्फरनगर से मेरठ गाजियाबाद होकर दिल्ली रवाना हो गए हैं। जंतर मंतर पर आज खाप चौधरियों की है महापंचायत का आह्वान किया गया है। किसान नेताओं का कहना है कि पहलवानों के धरने को एक महीने से भी ज्यादा हो गया है। उसमें रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जब किसान आंदोलन चला तो उसका समाधान 13 महीने बाद भी नहीं निकला था, इस मामले का कब निकलेगा। देश को आजाद होने में 200 वर्ष लगे थे। यह मामला भी एक समस्या है और इसका समाधान क्या होगा, इसकी जानकारी हमें नहीं है, लेकिन हम अपना आंदोलन व बातचीत करते रहेंगे।

बुलंदशहर में रोके गए भाकियू कार्यकर्ता

यूपी के बुलंदशहर से पहलवानों के समर्थन में दिल्ली जा रहे भाकियू कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका लिया। गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-कानपुर नेशनल हाईवे 34 पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे वहां जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना खत्म कराने की कवायद शुरू की। किसान नेता महिला पहलवानों के समर्थन में दिल्ली जंतर मंतर जाना चाह रहे हैं।

हापुड़ में हाईवे पर रुके गए किसान नेता

हापुड़ में भाकियू के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाईवे पर रोक लिया। दिल्ली में महिला पहलवानों को समर्थन देने जा रहे किसान, भाकियू के कार्यकर्ता दिल्ली जाने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस ने भाकियू कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पिलखुवा क्षेत्र के छिजारसी टोल प्लाजा पर पुलिस ने बेरिकेडिंग लगाई।

मेरठ में सपा विधायक अतुल प्रधान और कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश काजला नजरबंद


Meerut News(Sushil kumar): दिल्ली में पहलवानों के समर्थन में आज जंतर-मंतर पर आयोजित खाप महापंचायत में शामिल होने के लिए जा रहे समाजवादी पार्टी के मेरठ के सरधना से विधायक अतुल प्रधान और अन्य सपा नेताओं को उनके घरों में नजरबंद कर लिया गया। बता दें कि भारतीय किसान यूनियन की तरफ से भी आज दिल्ली कूच करने का आह्वान किया गया है। समाजवादी पार्टी नेताओं के अनुसार पार्टी के विधायक अतुल प्रधान आज अपने समर्थकों के साथ दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे थे। इस बीच पुलिस ने उन्हें नजरबंद कर लिया। इसके साथ ही नई संसद भवन के घेराव के लिए जा रहे कांग्रेस, रालोद और भारतीय किसान यूनियन के भी कुछ पदाधिकारियों को भी नजरबंद किया गया है। वहीं भाकियू के स्थानीय प्रवक्ता सुशील पटेल का कहना है कि उनके कई नेताओं को पुलिस ने रास्ते से ही लौटा दिया। पहलवानों ने आज दिल्ली के जंतर मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में मेरठ में आज सुबह सरधना से सपा विधायक अतुल प्रधान और अन्य लोग दिल्ली निकलने वाले थे। इससे पहले ही जैसा कि समाजवादी पार्टी नेताओं का आरोप है पुलिस ने सपा विधायक अतुल प्रधान और नेहा गौड कुछ अन्य नेताओं को घर से निकलने से पहले ही नजरबंद कर लिया। नजरबंद किये जाने वालों में कांग्रेस जिला अध्यक्ष अवनीश काजला, रालोद के वरिष्ठ नेता डा.राजकुमार सांगवान, संजय दौरालिया भी शामिल हैं।


हापुड़ में किसानों को छिजारसी टोल प्लाजा पर रोका गया, भारी पुलिसबल तैनात


Hapur News(Avnish pal): निजी वाहनों से दिल्ली कूच करने वाले किसानों को पिलखुवा के छिजारसी टोल प्लाजा पर रोका गया। इस दौरान किसानों व पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस ने किसानों को आगे जाने नहीं दिया। हालांकि, कुछ किसानों के वैकल्पिक मार्ग से दिल्ली जाने संभावना जताई जा रही है। अधिकारी लगातार किसानों से वार्ता कर जुगत लगाने में जुटे हैं। दिल्ली में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई संसद का उद्घाटन करेंगे। खाप पंचायत ने प्रदर्शनकारी पहलवानों के पक्ष में पंचायत बुलाई गई है। पहलवानों ने भी नई संसद के बाहर ही धरना प्रदर्शन की तैयारी की है। हालांकि, इस पंचायत के लिए अभी तक कोई अनुमति नहीं दी गई है। रविवार को दिन निकलते ही जिले से किसान कार, ट्रैक्टर- ट्राली व अन्य वाहनों में सवार होकर दिल्ली जाने के लिए रवाना हुए। हापुड़ के अलावा बुलंदशहर, अलीगढ़, अमरोहा, मुरादाबाद समेत अन्य जिलों से भी किसान दिल्ली जाने के लिए एनएच-09 के रास्ते छिजारसी टोल प्लाजा पर पहुंचे। जहां पहले से ही तैनात अधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। किसानों को समझा कर अधिकारियों ने उन्हें वापस लौटाया।

एएसपी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया किसानों के जत्थे को रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ दो कंपनी व एक प्लाटून पीएसी के जवानों तैनात हैं। छिजारसी टोल प्लाजा सहित दिल्ली जाने वाले अन्य मार्गों के अलावा कई अन्य स्थानों पर पुख्ता बैरिकेडिंग कर किसानों को रोका जा रहा है। किसी भी हाल में किसानों को दिल्ली नहीं जाने दिया जाएगा।

Amit Kaliyan

Amit Kaliyan

Next Story