Delhi Election 2025: BJP प्रत्याशियों की दूसरी सूची जल्द, केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में कल होगा मंथन

Delhi Election 2025: भारतीय जनता पार्टी 1998 के बाद से ही दिल्ली की सत्ता पर दूर है और इस बार पार्टी पिछले 27 वर्षों का सूखा खत्म करने की कोशिश में जुटी हुई है।

Anshuman Tiwari
Published on: 9 Jan 2025 5:47 AM (Updated on: 9 Jan 2025 5:58 AM)
Raebareli BJP News
X

Raebareli BJP News  (social media)

Delhi Election 2025: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद अब सबकी निगाहें भारतीय जनता पार्टी की दूसरी सूची पर लगी हुई हैं। भाजपा ने अभी तक दिल्ली की विधानसभा सीटों के लिए अपनी एक सूची जारी की है जिसमें 29 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए थे। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 17 जनवरी है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की कल (शुक्रवार को) दिल्ली में बैठक होने वाली है और माना जा रहा है कि इस बैठक के दौरान दिल्ली की शेष सीटों पर प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लग जाएगी। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से पहले पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज दिल्ली इकाई की चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे। वे राज्य चुनाव समिति और अन्य चुनाव समितियों के साथ विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन भी करेंगे।

पार्टी अध्यक्ष नड्डा आज लेंगे तैयारियों का जायजा

भारतीय जनता पार्टी 1998 के बाद से ही दिल्ली की सत्ता पर दूर है और इस बार पार्टी पिछले 27 वर्षों का सूखा खत्म करने की कोशिश में जुटी हुई है। दिल्ली भाजपा के एक शीर्ष पदाधिकारी का कहना है कि मौजूदा विधानसभा चुनाव पार्टी के लिए काफी अहम है और इसलिए पार्टी नेतृत्व की ओर से चुनावी तैयारी की सारी कमियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष नड्डा की आज होने वाली बैठक के दौरान पार्टी की ओर से अब तक चलाए गए प्रचार अभियान और जमीनी स्तर पर मिले फीडबैक की समीक्षा की जाएगी। भाजपा दिल्ली चुनाव में अपना मुख्य मुकाबला आप से मन रही है और इसी हिसाब से पार्टी की जवाबी रणनीति तैयार की जा रही है।

41 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान बाकी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो बड़ी सभाओं के साथ दिल्ली में भाजपा के चुनाव अभियान का श्रीगणेश कर दिया है। पीएम मोदी की 5 जनवरी को हुई रैली से एक दिन पहले भाजपा की ओर से 29 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की गई थी। दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं और पार्टी की ओर से अभी तक 41 प्रत्याशियों के नामों का इंतजार किया जा रहा है। पार्टी की ओर से इतनी ज्यादा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित न होने के कारण प्रचार अभियान भी प्रभावित हो रहा है। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम काफी पहले ही घोषित कर दिए हैं और इस कारण आप का प्रचार अभियान भी तेज हो गया है।

कल की बैठक में लगेगी अंतिम मुहर

भाजपा से जुड़े जानकार सूत्रों का कहना है कि दिल्ली के नेताओं से चर्चा के बाद अधिकांश सीटों पर प्रत्याशियों के नाम को आखिरी रूप दिया जा चुका है। अब कल होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के दौरान इन नामों पर चर्चा की जाएगी। इस बैठक के दौरान ही प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पार्टी समेत पार्टी के अन्य शीर्ष नेता भी मौजूद रहेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रत्याशियों का नाम तय होने के बाद पार्टी की ओर से धुआंधार प्रचार अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए भी पार्टी की ओर से रणनीति तैयार की गई है।

प्रचार अभियान में पीएम समेत बड़े नेता उतरेंगे

पार्टी की ओर से तैयार की गई रणनीति के मुताबिक दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के बड़े नेताओं की सभाओं का कार्यक्रम तैयार किया गया है। इन सभाओं के जरिए आप और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करने की तैयारी है। आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के अन्य प्रमुख नेता दिल्ली के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाएं करेंगे। बड़े नेताओं के अलावा दिल्ली भाजपा के स्थानीय नेता भी प्रचार अभियान में सक्रिय रूप से हिस्सा लेंगे।

घोषणा पत्र में लुभावने वादों की तैयारी

दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा ने अभी तक अपना घोषणापत्र नहीं जारी किया है। भाजपा के एक नेता के मुताबिक पार्टी का घोषणापत्र तैयार कर लिया गया है और राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद इसे जारी कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट तौर पर कह चुके हैं कि दिल्ली में मुफ्त की स्कीमों का बंद नहीं किया जाएगा। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की ओर से की गई तमाम घोषणाओं को देखते हुए माना जा रहा है कि भाजपा की ओर से भी दिल्ली के मतदाताओं से लुभावने वादे किए जा सकते हैं।

महिला मतदाताओं का समर्थन हासिल करने के लिए भी पार्टी की ओर से लाडली बहना कार्ड खेलने की तैयारी है। मध्य प्रदेश,हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं को लेकर भाजपा की ओर से किए गए वादे का बड़ा असर दिखा है। आप की महिला सम्मान योजना के जवाब में दिल्ली में महिला लाडली बहना कार्ड खेलने की रणनीति तैयार की गई है।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!