×

Noida Bike Taxi: नोएडा में बाइक टैक्सी के खरीदार घटे, नहीं रह गया अब मुनाफे का सौदा

Noida Bike Taxi: बाइक टैक्सी चलाने का काम कर रहे ड्राइवरों से जब इस संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि अब ये धंधा मुनाफे का सौदा नहीं रह गया है। इसकी दो मुख्य वजह सामने आई है।

Krishna Chaudhary
Published on: 15 Oct 2023 3:13 AM GMT (Updated on: 15 Oct 2023 3:14 AM GMT)
Bike Taxi
X

Bike Taxi (Social Media)

Noida Bike Taxi: कैब-ऑटो के बाद अब शहरों में बाइक टैक्सी का चलन काफी बढ़ गया है। खासकर महानगरों और उसके आसपास के शहरों में इसका विस्तार तेजी से हुआ है। नौकरी-पेशा वर्ग के लोग इसका अधिक इस्तेमाल करते हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में भी ये बिजनेस खूब फला-फूला। लेकिन अचानक यहां नए बाइक टैक्सी के रजिस्ट्रेशन में कमी दर्ज की गई है। बीते साल नोएडा में 180 बाइक टैक्सी पंजीकृत हुई थी। जो इस साल सिमट कर महज 15 पर आ गई है।

परिवहन विभाग ने जो आंकड़े पेश किए हैं, उसके मुताबिक साल 2019 में 171 बाइक टैक्सी का पंजीकरण हुआ था। अगले साल 2020 में इसकी संख्या घटकर आठ पर पहुंच गई। संभवतः कोरोना महामारी इसकी बड़ी वजह रही होगी। 2021 में एकबार फिर इसमें इजाफा हुआ, इस साल 175 बाइक टैक्सी का रजिस्ट्रेशन हुआ था। इसके बाद 2022 में 180 और अब इस साल 15 बाइक टैक्सी पंजीकृत हुई है।


नहीं रह गया अब मुनाफे का सौदा

बाइक टैक्सी चलाने का काम कर रहे ड्राइवरों से जब इस संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि अब ये धंधा मुनाफे का सौदा नहीं रह गया है। इसकी दो मुख्य वजह सामने आई है। पहला दिल्ली में बाइक टैक्सी पर रोक और दूसरा परिवहन एक्ट का उल्लंघन कर निजी बाइक का व्यावसायिक इस्तेमाल।

इस धंधे में शामिल लोगों का आरोप है कि बड़ी संख्या में लोग निजी बाइक को टैक्सी के रूप में चला रहे हैं। ऐप आधारित टैक्सी बुकिंग सेवा कंपनी इसमें अहम रोल निभाती हैं। उनके प्रतिनिधि निजी बाइक को टैक्सी बुकिंग सेवा में जोड़ लेते हैं। इससे उनकी कमाई पर असर पड़ता है।

वहीं, दूसरी सबसे बड़े वजह दिल्ली में बाइक टैक्सी पर लगाया प्रतिबंध है। पहले अक्सर नोएडा से बड़ी संख्या में नौकरी-पेशा वर्ग के लोग अपने दफ्तरों और अन्य लोग सामान्य कामों को लेकर दिल्ली जाने के लिए बाइक टैक्सी लेते थे। लंबी दूरी होने के कारण इससे बाइक टैक्सी चालकों को फायदा होता था। जो अब पूरी तरह से बंद हो चुका है। उनका कहना है कि नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहरों में लंबी दूरी की बुकिंग नहीं मिलती, जिससे उन्हें कोई खास मुनाफा नहीं होता। ऐसे में बाइक टैक्सी चालक के लिए परिवहन विभाग को रोड टैक्स भरना भी मुश्किल हो जाता है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story