×

Lok Sabha Election: राजभर ने किया बड़ा दावा: 12 फरवरी को एनडीए में शामिल होंगे जयंत, कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं, सुप्रिया श्रीनेत बोलीं-नहीं जानती कौन हैं प्रमोद कृष्णम

Lok Sabha Election 2024: ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि रालोद मुखिया जयंत चौधरी 12 फरवरी को एनडीए में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि समाजवादी पार्टी का एक हिस्सा भी एनडीए में शामिल होगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 9 Feb 2024 3:06 AM GMT (Updated on: 9 Feb 2024 3:42 AM GMT)
OP Rajbhar AND Jayant Chaudhary
X

OP Rajbhar AND Jayant Chaudhary  photo: social media 

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने कुनबे को मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। जानकार सूत्रों के मुताबिक भाजपा और राष्ट्रीय लोकदल के बीच गठबंधन की बातचीत फाइनल दौर में पहुंच चुकी है और जल्द ही इस बाबत बड़ा ऐलान किया जा सकता है। इस बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि रालोद मुखिया जयंत चौधरी 12 फरवरी को एनडीए में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि समाजवादी पार्टी का एक हिस्सा भी एनडीए में शामिल होगा।

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कांग्रेस के लिए अपना घर बचाना भी मुश्किल साबित हो रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम के जल्द ही भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रेनेत ने गुरुवार को आचार्य प्रमोद कृष्णम के बारे में सवाल पूछे जाने पर पल्ला झाड़ने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि मैं नहीं जानती कि प्रमोद कृष्णम कौन हैं।

सपा को रसातल में पहुंचाएंगे स्वामी प्रसाद

सुभासपा मुखिया राजभर ने कहा कि इस बार विपक्षियों ने ठाना है कि 2024 में नरेंद्र मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है। कुछ लोग सटकर तो कुछ लोग हचकर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमें 12 फरवरी तक इंतजार करना चाहिए। 12 फरवरी को रालोद मुखिया जयंत चौधरी एनडीए में शामिल हो जाएंगे।

स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयानों का जिक्र करते हुए राजभर ने कहा कि सपा को रसातल में पहुंचने के लिए ही स्वामी प्रसाद मौर्य को भेजा गया है। स्वामी प्रसाद जानबूझकर विवादित बयान दे रहे हैं। हालांकि इन बयानों के लिए अखिलेश यादव भी जिम्मेदार हैं क्योंकि उनकी शह पर ही स्वामी प्रसाद इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने सपा में दो फाड़ होने का बड़ा दावा भी किया। राजभर ने कहा कि सपा का एक हिस्सा हमारे साथ आ जाएगा।

प्रमोद कृष्णम को नहीं जानती कांग्रेस प्रवक्ता

दूसरी ओर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि मैं नहीं जानती की आचार्य प्रमोद कृष्णम कौन हैं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने हाल के दिनों में कांग्रेस के खिलाफ कई बयान दिए हैं। अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के हिस्सा न लेने पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने टिप्पणी की थी कि कांग्रेस के कुछ नेताओं को राम के नाम से ही नफरत है। हाल ही में उन्होंने कल्कि धाम के कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को आमंत्रण भी दिया था। उनके भाजपा में शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

सपा की ओर से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को लोकसभा की 11 सीटें दिए जाने के संबंध में श्रीनेत ने कहा कि सपा के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत चल रही है और इसका नतीजा जल्द ही दिखेगा।

अग्निपथ योजना ने युवाओं के सपने तोड़े

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अग्निपथ योजना के जरिए केंद्र सरकार ने डेढ़ लाख युवाओं के सपने तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सेवा प्रमुख जनरल नरवणे भी इस योजना के प्रति अपना विरोध जता चुके हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अग्निपथ योजना के खिलाफ अभियान शुरू किया है।

उन्होंने बताया कि अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। पहला चरण 28 फरवरी तक, दूसरा चरण 5 से 10 मार्च तक और तीसरा चरण 17 से 20 मार्च तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं के साथ किए गए धोखे को बर्दाश्त नहीं करेगी।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story