×

Bijnor News: जिले की बेटी का भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन

जिले की एक बेटी मेघना सिंह ने जनपद का ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।

‪Rohit Tripathi‬
Published on: 25 Aug 2021 2:07 PM GMT
Meghna Singh
X

महिला खिलाड़ी मेघना सिंह (फोटो-न्यूजट्रैक)

Bijnor News: 'खुदी को कर बुलन्द इतना कि हर तकदीर से पहले खुदा बन्दे से ये पूछे बता तेरी रजा क्या है।' ये लाइन बिजनौर की रहने वाली महिला खिलाड़ी मेघना सिंह पर सटीक बैठती है। जिले की एक बेटी ने जनपद का ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। मेघना नाम की बेटी ने अपनी कड़ी मेहनत से भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल होकर देश का नाम रोशन करने के लिए 29 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट खेलने के लिए जाएगी। मेघना का भारतीय महिला क्रिकेट में चयन होने के बाद उनके परिवार और मोहल्ले वासियों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। मेघना के क्रिकेट टीम में शामिल होने पर लोगों ने उसके परिजनों को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर किया।

कोतवाली देहात कस्बे की बेटी मेघना सिंह ने भारतीय क्रिकेट टीम में चयनित होकर पूरे विश्व में कस्बे का नाम रोशन किया है। मेघना ऑस्ट्रेलिया में खेलेगी। मेघना के भारतीय टीम में चयन होने से कस्बे में हर्ष का माहौल है। कस्बा कोतवाली देहात निवासी विजयवीर सिंह की पुत्री मेघना सिंह का चयन भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट और सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए महिला टीम का चयन किया है, जिसमें तेज गेंदबाज मेघना सिंह को टीम में स्थान दिया गया है।


कोतवाली देहात निवासी मेघना सिंह तेज गेंदबाजी के साथ साथ अच्छी बल्लेबाजी भी करतीं हैं। मेघना सिंह को पहली बार भारतीय टीम में चुना गया है। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध तीन एक दिवसीय मैच 1 दिन रात्रि टेस्ट और तीन टी-20 मुकाबले खेलेंगी। मेघना सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के साथ 29 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया रवाना होगी।। फिलहाल मेघना सिंह बैंगलोर में प्रैक्टिस कर रही हैं।

विजय वीर सिंह की पांच संतानों में मेघना सबसे बड़ी पुत्री है। मेघना की तीन बहनें और एक भाई है। मेघना के पिता विजयवीर सिंह सिक्योरिटी गार्ड हैं और माता आशा कार्यकत्री और दादा रिटायर पुलिस कर्मी हैं। मेघना सिंह ने क्रिकेट में अपना अलग स्थान बनाया है। इससे पहले मेघना सिंह इंडिया ए के लिए चुनी गई थीं। गत वर्ष दुबई में आयोजित टी20 चैंपियंस ट्रॉफी में भी मेघना ने अपनी खेल प्रतिभा से सभी को आकर्षित किया था।

मार्च में राजकोट में आयोजित सीनियर वुमन चैलेंजर ट्रॉफी में मेघना सिंह ने रेलवे की ओर से प्रतिभाग किया था। रेलवे की कप्तान मिताली राज के नेतृत्व में रेलवे ने राष्ट्रीय ट्राफी जीती थीं। मेघना सिंह मीडियम पेसर हैं, साथ ही अच्छी बल्लेबाज भी है। मेघना के दादा प्रेमपाल सिंह तथा दादी कोतवाली देहात में रहते हैं। मेघना वर्तमान में रेलवे की ओर से खेल रही हैं। मेघना के भारतीय टीम में चयन होने की सूचना मिलते ही कस्बे में हर्ष का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने मेघना के घर जाकर बधाई दी।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story