×

Meerut Election Results 2022: मेरठ में भाजपा को तीन, सपा-रालोद गठबन्धन को चार सीटें मिली

Meerut Election Results 2022: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद की सात सीटों में मेरठ कैंट,मेरठ दक्षिण और हस्तिनापुर पर भाजपा ने अपना कब्जा बनाए रखा। सिवालखास, किठौर, सरधना और शहर सीट पर गठबंधन ने जीत दर्ज की।

Sushil Kumar
Report Sushil KumarPublished By Deepak Kumar
Published on: 10 March 2022 1:07 PM GMT (Updated on: 10 March 2022 3:32 PM GMT)
UP Election Result 2022
X

उत्तर प्रदेश चुनाव रिजल्ट 2022

Meerut Election Results 2022: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद की सात सीटों में मेरठ कैंट,मेरठ दक्षिण और हस्तिनापुर पर भाजपा ने अपना कब्जा बनाए रखा। सिवालखास, किठौर, सरधना और शहर सीट पर गठबंधन ने जीत दर्ज की। सरधना विधानसभा सीट से सपा रालोद गठबंधन के अतुल प्रधान ने भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम को हरा दिया है।

पूर्व मंत्री व सपा प्रत्याशी शाहिद मंजूर किठौर से चुनाव जीत गए हैं। शहर सीट पर सपा ने कब्जा बनाए रखा, सरधना, सिवाल खास, किठौर भाजपा ने गंवाईं हैं। इस तरह मेरठ की 7 विधानसभा सीटों में से सपा गठबंधन ने 4 सीटों पर जीत दर्ज कराई है वही भाजपा की झोली में 3 सीट गई है जबकि पूर्व में 7 विधानसभा सीटों में से सपा के पास मात्र एक ही शहर सीट थी । मेरठ की सभी सात सीटों पर पहले चरण में 10 फरवरी को वोट डाले गए थे।

सरधना सीट इस बार हस्तिनापुर के बाद सबसे हॉट सीट है। इसे बीजेपी का गढ़ भी माना जाता है और इसी सीट पर भाजपा विधायक संगीत सोम ने वर्ष 2012 और 2017 में इस बार के विजेता अतुल प्रधान को हरा कर जीत हासिल की थी। सरधना सीट पर ऐसा पहली बार हुआ है जब सपा का कोई प्रत्याशी जीता है। हार जीत का अंतर करीब 13000 वोटों का है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है। जब चार राउंड की मतगणना होनी बाकी थी, उससे पहले ही संगीत सोम मोदीपुरम में कृषि विश्वविद्यालय स्थित मतगणना स्थल से चले गए थे।

वहीं जिले के हॉट सीट हस्तिनापुर ने अपना इतिहास कायम रखा। इस क्षेत्र की जनता ने जिस पार्टी के उम्मीदवार को विधायक चुना उसी पार्टी की सरकार प्रदेश में आती है। भाजपा उम्मीदवार दिनेश खटीक ने लगातार दूसरी बार चुनावी मैदान में बाजी मारी है तो भाजपा भी प्रदेश में लगातार दूसरी बार सरकार बनाएगी। दिनेश खटीक को 106049 मत मिले। वहीं दूसरे नंबर में रहे गठबंधन से योगेश को 99305 और बसपा के संजीव कुमार को 13863 मत मिले।

सिवालखास में आरएलडी के गुलाम मोहम्मद ने भाजपा के मनिंदर पाल को 9495 मतों से हराया। दूसरी ओर शहर विस सीट पर रफीक अंसारी ने 26,282 मतों से चुनाव जीत लिया है। भाजपा के मेरठ कैंट प्रत्याशी अमित अग्रवाल ने करीब एक लाख से अधिक वोटों से जीत दर्ज कराते हुए सपा प्रत्याशी मनीषा अहलावत को हराया है।

मेरठ शहर विधानसभा सीट पर सपा गठबंधन प्रत्याशी रफीक अंसारी ने भी करीब 26 हजार वोटों से भाजपा प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा को हराया है किठौर विधानसभा सीट पर सपा गठबंधन प्रत्याशी पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर ने भी भाजपा प्रत्याशी सत्यवीर त्यागी को करीब दो हजार वोटों से हराकर जीत दर्ज कराई है।, लेकिन मेरठ दक्षिण विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी डॉ सोमेंद्र तोमर तथा सपा गठबंधन आदिल चौधरी के बीच मतगणना के अंतिम दौर तक उठापटक चलती रही लेकिन अंत में करीब साढ़े सात हजार वोटों से भाजपा प्रत्याशी सोमेंद्र तोमर ने सपा गठबंधन के प्रत्याशी आदिल चौधरी को हरा दिया ।

उधर जिला प्रशासन तथा पुलिस के आला अधिकारी मतगणना केंद्रों पर मुस्तैदी के साथ डटे रहे । मेरठ शहर, किठौर, मेरठ कैंट तथा मेरठ दक्षिण विधानसभा की मतगणना लोहिया नगर मंडी में की गई थी वही सीवाल खास, हस्तिनापुर, तथा सरधना विधानसभा की मतगणना कृषि विश्वविद्यालय में हुई।

जिलाधिकारी के बालाजी , एसएसपी प्रभाकर चौधरी पूरी मुस्तैदी के साथ मतगणना केंद्रों पर अपनी पैनी नजर बनाए रखी तथा लगातार निरीक्षण करते रहे, वहीं एसपी देहात, एसपी सिटी, अपर जिलाधिकारी वित्त, अपर जिलाधिकारी नगर सहित सभी प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारी मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुस्तैदी के साथ डटे रहे ।

देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story