×

मेरठ पुलिस की बड़ी कामयाबी : आठ लाख के लिए अपह्त नौ साल का प्रिंस 12 घंटे के अंदर बरामद, पांच गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक अपहरण के मामले में मेरठ पुलिस ने बच्चे को बरामद करते हुए मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।

Bishwajeet Kumar
Published By Bishwajeet KumarWritten By Sushil Kumar
Published on: 3 Feb 2022 3:15 PM GMT
मेरठ पुलिस की बड़ी कामयाबी : आठ लाख के लिए अपह्त नौ साल का प्रिंस 12 घंटे के अंदर बरामद, पांच गिरफ्तार
X

मेरठ पुलिस द्वारा बरामद किया गया अपह्त नौ वर्षीय प्रिंस

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ के कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के नंगलताशी गांव से अपह्त नौ वर्षीय प्रिंस को थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। घटना के संबंध में पुलिस ने अपह्त प्रिंस के तेहरे भाई समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने आज शाम पुलिस को मिली इस कामयाबी की बावत जानकारी देते हुए बताया कि कंकरखेड़ा के नंगला ताशी निवासी जयसिंह का नौ साल का बेटा प्रिंस बुधवार को आठ लाख की फिरौती के लिए अगवा कर लिया था। घटना के संबंध में परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने कंकरखेड़ा थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मु0अ0सं0 64/2022 धारा 364-A मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसएसपी के अनुसार अपहृत बच्चे की सकुशल बरामदगी हेतु सर्विलांस टीम मेरठ व थाना कंकरखेड़ा की संयुक्त टीम गठित की गई थी। इस टीम द्वारा 12 घंटे के अन्दर आज बच्चे को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की हापुड़ रोड स्थित जाकिर कालोनी के एक मकान से सकुशल बरामद कर लिया गया।

एसएसपी ने बताया कि प्रिंस के ताऊ के बेटे रजत ( 23) पुत्र नेत्रपाल ने अपने चार दोस्तों जुनैद(21) पुत्र अनीश, इरशाद (20) पुत्र रहीम, शुऐब (32) वर्ष पुत्र अब्दुल गफ्फार, जुबैर ( 21)पुत्र खलील के साथ मिलकर अगवा किया था। इन सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसएसपी के अनुसार गिरफ्तार किया गया मुख्य अभियुक्त रजत अपने ताऊ से रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसके द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया गया। एसएसपी का यह भी कहना है कि अगर पुलिस त्वरित कार्रवाई करके प्रिंस को बरामद नहीं करती तो उसकी अभियुक्तों द्वारा हत्या की जा सकती थी। गौरतलब है कि प्रिंस को बीते बुधवार अज्ञात बदमाशों ने किडनैप कर लिया था जिसके बाद बदमाशों ने प्रिंस के परिजनों से आठ लाख की फिरौती का मांग किया था।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story