×

Independence Day 2021: जामा मस्जिद परिसर में पहली बार भाजपा विधायक ने फहराया तिरंगा

देवबंद के मानकी में स्वतंत्रता दिवस पर ऐतिहासिक बड़ी जामा मस्जिद के परिसर में 51 फीट ऊंचा तिरंगा लहराया गया।

Neena Jain
Published on: 15 Aug 2021 10:19 AM GMT
Jama Masjid Tricolor
X

जामा मस्जिद में पहली बार भाजपा विधायक ने फहराया तिरंगा (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

Independence Day 2021: यूपी के सहारनपुर जिले में इल्म की नगरी कहे जाने वाले देवबंद कस्बे के मानकी गांव में स्वतंत्रता दिवस पर यहां की ऐतिहासिक बड़ी जामा मस्जिद के परिसर में 51 फीट ऊंचा तिरंगा लहराया गया। देवबंद विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कुंवर बृजेश ने इस तिरंगे को फहराया और इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया।

सहारनपुर जनपद के देवबंद क्षेत्र जिसे फतवो की नगरी भी कहा जाता है। यहां आज एक नया इतिहास रचा गया देवबंद क्षेत्र के मानकी गांव में जहां जामा मस्जिद पर पहली बार तिरंगा फहराया और तिरंगा ऐसा जिसे कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है। इस तिरंगे की ऊंचाई है 51 फुट है। इसे मस्जिद के बाहर एक टावर खड़ा किया गया, वहीं तिरंगे को दूधिया रोशनी में लाने के लिए विशेष तरह की लाइटिंग का इंतजाम किया गया और यहां पर ही 51 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया गया। ग्राम प्रधान मामूर हसन की देखरेख में यह सभी कार्य हुआ।

बता दें कि इस गांव की आबादी 15000 की है, जिसमें 80% मुस्लिम हैं तो 20% दलित और अन्य। यह पहला अवसर था जब जामा मस्जिद पर तिरंगा फहराया गया। इस कार्यक्रम को लेकर गांव के बच्चों से लेकर बड़ों में काफी उत्साह देखने को मिला। यहां बच्चे और युवा हाथों में तिरंगा लिए अपने देश प्रेम को उजागर करते दिखाई दिये। जामा मस्जिद पर तिरंगा लहराते देखने के लिए हर कोई उत्साहित नजर आया। लगभग 11:30 बजे भाजपा विधायक कुंवर बृजेश मानकी गांव में आए तो सभी तिरंगे को लहराता हुआ देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

विधायक कुवंर बृजेश ने पहले अपने जूते उतारे उसके बाद ध्वज पोल के पास खड़े होकर ध्वजारोहण किया। विधायक कुंवर बृजेश ने जैसे ही ध्वजारोहण किया तो भारत माता की जय कारो से पूरा वातावरण गूंज उठा। बता दें कि पहली बार है जब किसी मस्जिद पर इतनी ऊंचाई पर तिरंगा फहराया गया है। भारत के आजादी के बाद सहारनपुर जनपद में ही नहीं बल्कि प्रदेश में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब जामा मस्जिद पर इतनी ऊंचाई पर तिरंगा लहराया गया।

भाजपा विधायक कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि आज के दिन को भारत सरकार ने अमृत महोत्सव के रूप में घोषित किया है और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। इसी के चलते आज फतवों की नगरी देवबंद के गांव मानकी में सभी ग्रामवासियों राष्ट्र भक्तों द्वारा जामा मस्जिद में 51 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया है, जिससे आज का दिन राष्ट्रवाद की जीती जाती पहचान बनेगा। यह गांव आज इतिहास में दर्ज हुआ है और सभी युवाओं में बड़ा जोश दिखाई दिया है और मैं यह बड़े गर्व के साथ कहता हूं यह बदलता हुआ भारत है यह पीएम मोदी के साथ चलने वाला भारत है।

वहीं ग्राम प्रधान ने कहा कि आज हमने अपने मानकी गाँव में तिरंगा फहराया है, जिससे हम सभी ग्राम वासियों के लिए हर्ष का दिन है। हमने ध्वजा रोहण कर उन लोगों को संदेश दिया है जो आज भी जाति, धर्म की बातें करते हैं। तिरंगा हमारे देश का प्रतीक है और यह हमारे दिलों में बसता है।

ग्राम मानकी के निवासी मतलूब का कहना है कि उन्होंने अपने 60 साल के जीवन में पहली बार जामा मस्जिद पर तिरंगा लहराते हुए देखा है और उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है। मानकी निवासी साबिर ने बताया कि जामा मस्जिद पर तिरंगा फहराया जाए इसका ख्याल ग्राम प्रधान के मन में आया और उन्होंने सभी से इसके लिए कहा।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story