Pilibhit News: मूसलाधार बरसात से जनजीवन हुआ अस्त व्यस्त, बाढ़ के बन रहे हालात

Pilibhit News: बरसात के साथ साथ चल रही तेज हवाओं के चलते जनपद के कई इलाकों में पेड़ भी धराशाई हो गए हैं। जिला प्रशासन ने भी बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।

Pranjal Gupata
Published on: 13 Sep 2024 1:18 PM GMT
Pilibhit News ( Pic- Newstrack)
X

Pilibhit News ( Pic- Newstrack)

Pilibhit News: यूपी के पीलीभीत जनपद में बीते 24 घंटों से लगातार हो रही बरसात से जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया है। एक तरफ लगातार हो रही बरसात से नदियां भी पूरी तरह से उफान पर है। दूसरी तरफ बरसात के चलते विद्युत आपूर्ति भी कई इलाकों की पूरी तरह ठप हो चुकी है। बरसात के साथ साथ चल रही तेज हवाओं के चलते जनपद के कई इलाकों में पेड़ भी धराशाई हो गए हैं। जिला प्रशासन ने भी बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।

आपको बता दें कि बीते 24 घंटों से भी ज्यादा समय से जनपद में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बरसात हो रही है। जिसके बाद जनपद की खकरा, देवहा व शारदा नदी पूरी तरह से उफान पर है। नानकमत्ता सागर डैम से 3.5 लाख क्यूसेक पानी भी छोड़ दिया गया जिसके बाद जनपद में बाढ़ की स्थिति बन चुकी है। बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। शारदा नदी के किनारे बसे गांव के अंदर भी पानी घुस चुका है। किसानों की फसलें भी पूरी तरह से डूब चुकी है। किसानों का भारी नुकसान होता नजर आ रहा है।

मौसम में भी काफी बदलाव होता नजर आ रहा है। भीषण गर्मी से लोगों को निजात मिली है और ठंड का एहसास होता नजर आ रहा है। पीलीभीत नगरपालिका क्षेत्र में हुए नाला निर्माण के चलते बरसात में हुए जलभराब से जनता को अति शीघ्र निजात मिल गई। शहर के कई इलाकों में जलभराव नहीं हुआ, शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली, शहर की अशोक कॉलोनी, बल्लभ नगर कॉलोनी आदि निचले इलाकों में ही जलभराव हुआ।जिला प्रशासन की माने तो प्रशासनिक अधिकारियों ने नदियों के किनारे बसे गांव और इलाको में स्थानीय निवासियों को नदियों से दूरी बनाने के निर्देश जारी किए है। जो इलाके नदियों व तालाबो के आसपास हैं चाहे वो कॉलोनी हो या मोहल्ला या कोई गांव ही क्यों न हो सभी जनमानस को दूरी बनाने के निर्देश दे दिए गए हैं।


Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story