×

PM Modi Ayodhya Visit: राम मंदिर का तेज निर्माण देख गदगद हुए मोदी, मंदिर की भव्यता के बारे में पूछे कई सवाल

PM Modi Ayodhya Visit: अयोध्या में तेज गति से हो रहे भव्य राम मंदिर के निर्माण को देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गदगद हो गए।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 23 Oct 2022 2:56 PM GMT
PM Modi Ayodhya Deepotsav 2022
X

पीएम नरेंद्र मोदी (Pic: Social Media)

PM Modi Ayodhya Visit: अयोध्या में तेज गति से हो रहे भव्य राम मंदिर के निर्माण को देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गदगद हो गए। अयोध्या में आयोजित छठे दीपोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहुंचे मोदी ने सबसे पहले भगवान रामलला का दर्शन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री राम मंदिर निर्माण स्थल पर पहुंचे और तेज गति से हो रहे राम मंदिर के निर्माण पर खुशी जताई। प्रधानमंत्री ने राम मंदिर की भव्यता के संबंध में कई सवाल भी पूछे।

प्रधानमंत्री मोदी का मंदिर निर्माण स्थल का दौरा पहले से ही प्रस्तावित था और राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से उन्हें जानकारी देने की पूरी तैयारी थी। प्रधानमंत्री को मंदिर निर्माण के संबंध में नृपेंद्र मिश्र और चंपत राय ने विस्तृत जानकारी दी। प्रधानमंत्री को गर्भगृह के निर्माण और विभिन्न स्तंभों को लगाए जाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।

पीएम मोदी ने विपक्ष पर साधा निशाना

राम मंदिर निर्माण स्थल का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री गर्भगृह में पहुंचे और वहां उन्होंने पांच दीपक जलाएं। राम मंदिर निर्माण के संबंध में जानकारी जुटाने के बाद प्रधानमंत्री ने भगवान राम का प्रतीकात्मक रूप से राज्याभिषेक किया। भगवान राम और अन्य पात्रों की आरती करने के बाद प्रधानमंत्री ने दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया और इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोगों को भगवान राम की कर्तव्य परायणता की याद दिलाई।

प्रधानमंत्री ने यह कह कर विपक्षी दलों को निशाना बनाने की कोशिश की कि एक दौर वह था जब भगवान रामलला के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते थे। उन्होंने कहा कि भगवान राम पर सवाल उठाने वाले लोग काफी पीछे छूट गए हैं क्योंकि इस देश की करोड़ों जनता की भगवान राम में अगाध श्रद्धा और आस्था है।

अयोध्या में तेज गति से चल रहा है निर्माण

अयोध्या में गर्भगृह और भूतल पर पांच मंडपों वाले राम मंदिर की तीन मंजिलों की अधिरचना पर काफी तेज गति से निर्माण कराया जा रहा है। इस अधिरचना का निर्माण ग्रेनाइट पत्थर से किया जा रहा है। यह निर्माण साढ़े छह मीटर ऊंचे चबूतरे पर किया जा रहा है इस चबूतरे का निर्माण कार्य पिछले सितंबर महीने में पूरा हुआ है। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में 392 स्तंभ होंगे। राम मंदिर की प्रस्तावित संरचना के मुताबिक भूतल पर रहे 166 स्तंभ पहले तल पर 144 स्तंभ और दूसरे तल पर 82 स्तंभ बनाए जाने हैं।

गर्भगृह को काफी भव्य बनाने की कोशिश

अक्टूबर के पहले सप्ताह में जोरदार बारिश होने के कारण निर्माण कार्य रुक गया था मगर अब बारिश का दौर खत्म होने के बाद काफी तेज गति से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। राम मंदिर के गर्भगृह में मकराना से लाए गए सफेद संगमरमर के स्तंभ बनाए जा रहे हैं। इन स्तंभों को बनाए जाने का काम भी शुरू हो चुका है। राम मंदिर की भव्यता में इन स्तंभों से चार चांद लगेंगे।

प्रवेश द्वार से लेकर गर्भगृह तक सटीक निर्माण और सही संरचना के लिए सभी भागों में एक साथ निर्माण कार्य किया जा रहा है। राम मंदिर के नक्शे के मुताबिक गर्भगृह करीब 440 वर्ग फीट का होगा। गर्भगृह की ऊंचाई 16 फीट होगी और उसके ऊपर कलश स्थापित किया जाएगा।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story