×

Ganga Vilas Cruise: PM मोदी दिखाएंगे गंगा विलास क्रूज़ को हरी झंडी, जानिए इसकी खास बातें

Ganga Vilas Cruise: 51-दिवसीय क्रूज के 1 मार्च को असम के डिब्रूगढ़ में अपने गंतव्य तक पहुंचने की उम्मीद है। इस क्रूज़ को दुनिया की सबसे लंबी नदी क्रूज के रूप में पेश किया जा रहा है।

Neel Mani Lal
Published on: 12 Jan 2023 3:10 PM GMT
Ganga Vilas Cruise
X

Ganga Vilas Cruise (Social Media)

Ganga Vilas Cruise: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 जनवरी को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से गंगा नदी क्रूज को हरी झंडी दिखाएंगे। 51-दिवसीय क्रूज के 1 मार्च को असम के डिब्रूगढ़ में अपने गंतव्य तक पहुंचने की उम्मीद है। इस क्रूज़ को दुनिया की सबसे लंबी नदी क्रूज के रूप में पेश किया जा रहा है। ये जहाज 22 दिसम्बर को कोलकाता से चल कर वाराणसी के रामनगर पोर्ट पर खड़ा है। जानते हैं एमवी (मर्चेंट वेसेल) गंगा विलास, इसके मार्ग, ठहराव आदि के बारे में।

क्रूज़ का रूट

वाराणसी से रवाना होने के बाद ये क्रूज असम के डिब्रूगढ़ में अपनी यात्रा समाप्त करने से पहले 51 दिनों में 3,200 किमी की दूरी तय करेगा और रास्ते में 27 नदी प्रणालियों और कई राज्यों को पार करेगा। यह यात्रा विश्व हेरिटेज स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों, नदी घाटों और बिहार में पटना, झारखंड में साहिबगंज, पश्चिम बंगाल में कोलकाता, बांग्लादेश में ढाका और असम में गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों सहित 50 पर्यटन स्थलों की यात्रा से गुजरेगा।

यह क्रूज़ सारनाथ के बौद्ध स्थल तथा वाराणसी में प्रसिद्ध गंगा आरती को कवर करने के लिए स्टॉपेज करेगी। असम के सबसे बड़ा नदी द्वीप माजुली, बिहार में मुंगेर स्थित योग विद्यालय और विक्रमशिला विश्वविद्यालय भी क्रूज़ यात्री जाएंगे। क्रूज बंगाल डेल्टा की खाड़ी में सुंदरबन के साथ-साथ काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से होकर गुजरेगा।

बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय इस जहाज पर्यटन परियोजना का कोऑर्डिनेटर है। केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने भारत और बांग्लादेश की अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से यात्रा करने वाले पर्यटकों की सुरक्षा पर कहा है कि पर्यटकों के लिए सभी सुविधाओं और सुरक्षा प्रोटोकॉल का ध्यान रखा गया है। भारत सरकार देश में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठा रही है।

क्रूज लाइनर

एमवी गंगा विलास जहाज में तीन डेक हैं। 36 पर्यटकों की क्षमता वाले 18 सुइट्स हैं तथा सभी लक्जरी सुविधाएं हैं। जहाज में कुल 80 यात्री सफर कर सकते हैं। जहाज की पहली यात्रा में स्विट्जरलैंड के 32 पर्यटक पूरी यात्रा कर रहे हैं। इसमें प्रति व्यक्ति प्रति दिन लगभग 25,000 रुपये खर्च होंगे। पूरी यात्रा का किराया 12 लाख 59 हजार है।

हालांकि इस क्रूज़ को निजी ऑपरेटरों द्वारा मैनेज किया जाएगा, लेकिन भारत के अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने परियोजना को सपोर्ट किया है। क्रूज़ की अगली यात्रा सितंबर में होगी जिसकी बुकिंग जल्द ही ऑनलाइन शुरू होगी।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story