TRENDING TAGS :
UP Politics News: अखिलेश ने सत्ता में रहते जनता को छलने का ही काम किया, बोले भाजपा के डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी
UP Politics News: डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि जब कोरोना की विपत्ति में सरकार ने करोड़ों जनधन खाता धारक महिलाओं, रेहड़ी पटरी वालों, मजदूरों के खाते में सीधी मदद की तो अखिलेश यादव के कष्ट का स्तर और बढ़ गया।
BJP Laxmikant Bajpai statement
UP Politics News: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व जॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि झूठे वादे और दावे करने वाली समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सत्ता में रहते समय प्रदेश की जनता को केवल छलने का ही काम किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जिस समाजवादी पेंशन की बात कर रहे थे, उसमें हुआ घोटाला भी उन्हें याद ही होगा। जिसमें बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं और अन्य लाभार्थियों का हक सपाई लुटेरों ने लूटा था। कागजों में लाखों ऐसे लोगों को पेंशन दी गई जिनका वजूद ही नहीं था, जो मृतक थे।
उन्होंने कहा कि जब गरीबों और वंचितों को जनधन खातों से सीधे मदद मिलने लगी तो विपक्ष की राजनीति बंद हो गई। गरीबों के लिए योगी और मोदी सरकार के कल्याणकारी कार्य सपा-बसपा और कांग्रेस को खराब लग रहे हैं।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही गरीबों, वंचितों के लिए काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल लगातार झूठे वादे करते आ रहे हैं। आज समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने एक और झूठा वादा और दावा दोनों किया है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के खातों में पैसा डालने का काम उन्होंने किया था। लेकिन वे यह भूल गए कि उनकी सरकार जाने के बाद से यूपी में 7.7 करोड़ जनधन खाते खुले हैं और उनके माध्यम से गरीबों को सीधे लाभ मिल रहा है। अब यूपी में बिचौलिया राज खत्म हो गया है।
उन्होंने कहा कि जब गरीब को मकान के लिए ढाई लाख सीधे खाते में गया तो सपा प्रमुख को कष्ट हुआ। जब शौचालय के लिए सीधे खाते में पैसा गया तो उन्हें कष्ट हुआ। जब बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं, वृद्धा, दिव्यांगजनों को सीधे सरकार की सीधी मदद मिलना शुरू हो गई तो अखिलेश और उनकी पार्टी को और भी अधिक कष्ट हुआ।
डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने कहा कि जब कोरोना की विपत्ति में सरकार ने करोड़ों जनधन खाता धारक महिलाओं, रेहड़ी पटरी वालों, मजदूरों के खाते में सीधी मदद की तो अखिलेश यादव के कष्ट का स्तर और बढ़ गया। आज सभी प्रकार की सब्सिडी, सरकारी मदद सब सीधे लाभार्थी के खाते में जा रही है तो अखिलेश समेत सम्पूर्ण विपक्ष को खराब लग रहा है। इसका कारण गरीबों और वंचितों को उनका पूरा हक मिल रहा है, हक की लूट बंद हो गई है।