×

UP: कानून-व्यवस्था और विकास जिस जिले में शुरू हो जाता है, वहां परिवर्तन निश्चित है', बोले सांसद संगम लाल गुप्ता

Pratapgarh News: सांसद बोले, 'जिला प्रशासन ने प्रतापगढ़ की कानून-व्यवस्था चाक-चौबन्द किया है। जिससे विकास की गति को पंख लगे हैं। केन्द्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है, कि प्रतापगढ़ को चारों तरफ से फोरलेन से जोड़ा जाए। ऐसा ही हुआ है।

Sanjay Pal Pratapgarh
Published on: 1 Jan 2024 3:00 PM GMT
Pratapgarh News
X

सांसद संगम लाल गुप्ता (Social Media)

Pratapgarh News: विक्रमपुर मोड़ (बनवीरकांछ) स्थित नवीन थाना कोतवाली देहात का सोमवार (01 जनवरी) को सांसद संगम लाल गुप्ता (MP Sangam Lal Gupta) ने फीता काटकर शुभारम्भ किया। इस दौरान विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी संजीव रंजन, पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश कुमार सिंह, सीओ सिटी करिश्मा गुप्ता, पूर्व विधायक धीरज ओझा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, थाना अध्यक्ष विनीत उपाध्याय सहित अन्य पार्टी के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

नवीन थाना कोतवाली देहात का उपस्थित अतिथियों ने अवलोकन भी किया। नवीन थाना कोतवाली देहात के शुभारम्भ के अवसर पर सांसद प्रतापगढ़ संगम लाल गुप्ता ने आए हुए गणमान्य लोगों, पार्टी पदाधिकारियों व अधिकारियों को नव वर्ष की बधाई दी।

'प्रशासन-जनप्रतिनिधियों के समन्वय से होता है परिवर्तन'

इस दौरान अपने संबोधन में सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा, 'प्रतापगढ़ जिले की तस्वीर बदल रही है। प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि आपस में समन्वय बनाकर अगर विकास और कानून की व्यवस्थाओं पर काम करते हैं तो परिवर्तन जरूर दिखता है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की प्रशंसा करते हुये कहा कि जब से एसपी ने जिले का कार्यभाल संभाला है तब से सब सुचारू तरह संपन्न हो रहा है। एसपी जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, पत्रकार बन्धुओं और सामाजिक क्षेत्र में लोगों से समन्वय बनाकर अपने दायित्वों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन कर रहे हैं।'

प्रतापगढ़ के चारों तरफ से फोरलेन

सांसद बोले, 'जिला प्रशासन ने प्रतापगढ़ की कानून-व्यवस्था चाक-चौबन्द किया है। जिससे विकास की गति को पंख लगे हैं। केन्द्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है, कि प्रतापगढ़ को चारों तरफ से फोरलेन से जोड़ा जाए। ऐसा ही हुआ है। उन्होंने कहा, वर्मा नगर से सुवंशा तक 52 किलोमीटर रोड स्वीकृत हो चुका है। शनिदेव से ढकवा तक एक फोरलेन बनाने की सोच है, जिससे हमारा प्रतापगढ़ भव्यता रूप धारण कर लेगा।'

कानून-व्यवस्था और विकास जिस जिले में...

सांसद ने आगे कहा, कानून-व्यवस्था और विकास जिस जिले में शुरू हो जाता है वहां परिवर्तन निश्चित रूप से हो जाता है। इस अवसर पर विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने भी जनसामान्य व अधिकारियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कानून व्यवस्था, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला।

DM बोले- जिले में कानून व्यवस्था मजबूत हो रही

जिलाधिकारी संजीव रंजन ने जनपद वासियों को बधाई देते हुए कहा कि, 'जनप्रतिनिधियों द्वारा जनपद में कई परियोजनाएं लायी गयी। उस पर कार्य भी हो रहा है। जिले में कानून व्यवस्था मजबूत हो रही है। उन्होने आगे कहा, पुलिस अधीक्षक जिले में काफी लोकप्रिय हैं। इनके द्वारा थाने, पुलिस चौकी बनवायी गयी। सभी थानो का जीर्णोद्धार कराया है। क्षेत्र की जनता को नया थाना मिल रहा है। अब उन्हें अपनी शिकायतों हेतु ज्यादा दूर नही जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि, जितना सहयोग हमें इस जिले में मिला है उतना अन्य जिलों में नहीं मिला। लोगों के सहयोग से अच्छा कार्य करेगें।'

कार्यक्रम में पूर्व विधायक धीरज ओझा, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने पुलिस विभाग के महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डाला और आये हुये अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। नवीन थाना कोतवाली देहात में थाना कोतवाली नगर, अंतू, जेठवारा, लीलापुर, मानधाता, देल्हूपुर से कुल 73 ग्रामों को थाना क्षेत्र में शामिल किया गया है। इन गांवों से सम्बन्धित कार्यवाही थाना कोतवाली देहात में सम्पादित की जायेगी। कार्यक्रम का संचालन शासकीय अधिवक्ता विवेक उपाध्याय ने किया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story