×

अखिलेश यादव के करीबी सपा के पूर्व एमएलसी वासुदेव यादव गिरफ्तार, आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा है मामले

Prayagraj News: यूपी में साल 2017 में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद 12 सितंबर को वासुदेव यादव के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश हुए थे।

Sakshi Singh
Published on: 4 March 2025 7:43 PM IST
former SP MLC Vasudev Yadav arrested from Prayagraj
X

सपा नेता व पूर्व एमएलसी वासुदेव यादव

Prayagraj News: अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले और समाजवादी पार्टी नेता और सपा के पूर्व एमएलसी वासुदेव यादव को मंगलवार को दोपहर में गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक, आय से अधिक संपत्ति के मामले में वाराणसी पुलिस ने की गिरफ्तारी है।

वासुदेव यादव के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में मुकदमा दर्ज था। उन पर विजिलेंस ने मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में वाराणसी की अदालत ने पूर्व एमएलसी वासुदेव यादव को तलब किया था।

कई बार समन जारी होने के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हुए तो गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इस गैर जमानती वारंट के आधार पर वाराणसी पुलिस ने आज प्रयागराज में छापेमारी की है वासुदेव यादव पर आरोप था कि उन्होंने शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है।

वासुदेव यादव कई पदों पर रहे

वह यूपी बोर्ड के सचिव और यूपी के माध्यमिक शिक्षा विभाग में डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। यूपी में साल 2017 में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद 12 सितंबर को वासुदेव यादव के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश हुए थे।

बता दें कि वासुदेव यादव की बेटी निधि यादव समाजवादी पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता हैं। वासुदेव यादव को मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव का बेहद करीबी माना जाता है। आरोप था कि यादव परिवार का करीबी होने की वजह से समाजवादी पार्टी की सरकारों में उन्हें बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाती थी।

प्रयागराज पुलिस ने की मदद

जानकारी के मुताबिक, वासुदेव यादव का मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी चल रहा था। प्रयागराज के डीसीपी सिटी अभिषेक भारती ने भी सपा नेता और पूर्व एमएलसी वासुदेव यादव की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उनके मुताबिक गिरफ्तारी वाराणसी पुलिस ने की है और प्रयागराज पुलिस ने सिर्फ सहयोग किया है।

पार्टी ने साधी चुप्पी

वासुदेव यादव की गिरफ्तारी के बाद परिवार और पार्टी के नेताओं ने चुप्पी साध रखी है। परिवार का कोई भी सदस्य फिलहाल कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पूर्व एमएलसी वासुदेव की गिरफ्तारी पर अभी तक पार्टी की और उनके परिवार के तरफ से कोई बयान नहीं आया है। सूत्रों के मुताबिक वासुदेव यादव के खिलाफ न्यायालय से एनबीडब्ल्यू जारी हुआ था। उन्हें गिरफ्तार कर वाराणसी पुलिस अपने साथ ले गई है।

Sakshi Singh

Sakshi Singh

Senior Content Writer

मेरा नाम साक्षी सिंह है। मूलत: प्रयागराज की रहने वाली हूं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट हूं। मैंने बैचलर और मास्टर दोनों ही जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन विषय से किया है। पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण (प्रिंट) से किया। दैनिक भास्कर (डिजिटल) में प्रयागराज में फील्ड रिपोर्टर रही। इसके बाद मैंने अमृत विचार, राजस्थान पत्रिका और नवभारत डिजिटल में लगभग 18 महीने बतौर कंटेट राइटर काम किया। इस संस्थान में नेशनल और इंटरनेशनल की रियल टाइम की खबरें लिखती रही। इसके साथ ही इस संस्थान में मैंने यहां शिफ्ट इचार्ज के तौर पर टीम भी लीड किया है। इस क्षेत्र में काम करते हुए लगभग साढ़े तीन साल से ज्यादा समय हो गए हैं। मेरी रुचि और पकड़ लगभग सभी विषयों पर है। लेकिन इंडियन पॉलिटिक्स और इंटरनेशनल रिलेशन्स में विशेष दिलचस्पी है।

Next Story