UP News: फिर फेल हो जाएगा अखिलेश का दावा.., केशव मौर्य बोलेः भाजपा की होगी विजय

UP News: केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव ने 2014, 2017, 2022 और 2024 में जीत का दावा किया था। लेकिन हर बार चुनाव को लेकर उनका दावा गलत ही साबित हुआ है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 2 Oct 2024 11:42 AM GMT (Updated on: 2 Oct 2024 11:50 AM GMT)
Prayagraj News
X

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना (सोशल मीडिया)

UP News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव का दावा हमेशा की तरह एक बार फिर फेल हो जाएगा। यूपी में होने वाले उपचुनाव ही नहीं, साल 2027 में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सर्वाधिक सीटें जीतेगी।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने 2014, 2017, 2022 और 2024 में जीत का दावा किया था। लेकिन हर बार चुनाव को लेकर उनका दावा गलत ही साबित हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए उन्होंने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से हाथ मिलाया। लेकिन फिर भी वह नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने से रोक नहीं पाए। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में पत्रकारो से बातचीत के दौरान यह बातें कहीं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था बिल्कुल दुरूस्त है। अपराधी कोई भी हो उसे माफ नहीं किया जाएगा। यूपी में कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं है। यूपी में दस विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी नेतृत्व ने समीक्षा की है। उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए रणनीति बनायी जा रही है। पार्टी नेतृत्व लगातार इस पर मंथन कर रहा है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि यूपी में होने वाले उपचुनाव में अधिकांश सीटों पर भाजपा की ही विजय होगी। भाजपा हर चुनाव को गंभीरता के साथ लड़ती है। उपचुनाव में किसे टिकट दिया जाएगा। यह पार्टी हाईकमान ही तय करेगा। अयोध्या में सपा नेता के डीएनए मैच न होने के सवाल का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डीएनए मैच न होने से सपा नेताओं को ज्यादा खुश होने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है। क्योंकि जिस शख्स का डीएनए मैच हुआ है। वह भी तो उसी पार्टी के कार्यकर्ता का चालक है। नाबालिग बालिका के साथ इस तरह का घिनौना कृत्य करने वालों को अपने इस व्यवहार के लिए शर्मिंदा होना चाहिए। न कि उन्हें खुश होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि कोर्ट इस मामले में दोषी लोगों को सख्त सजा जरूर देगी।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story