Kalindi Mahotsav 2023: यमुना तट पर जलाए गए सवा लाख दिये, उत्तराखंड में फंसे मजदूर के लिए की गई विशेष पूजा व आरती

Prayagraj News: कार्यक्रम में मौजूद संत महात्माओं व श्रद्धालुओं ने मां यमुना की विशेष आरती भी की। दीपदान के लिए यमुना की धारा में एक दर्जन से ज्यादा नावों का विशेष इंतजाम किया गया था। इस दौरान जिसने भी यह नजारा देखा, वह बस देखता ही रह गया।

Syed Raza
Report Syed Raza
Published on: 22 Nov 2023 2:46 PM GMT (Updated on: 22 Nov 2023 3:31 PM GMT)
Kalindi Mahotsav 2023
X

Kalindi Mahotsav 2023 (Pic:Newstrack)

Prayagraj News: देवोत्थान एकादशी की पूर्व संध्या पर संगम नगरी प्रयागराज में परंपरागत तौर पर इस बार भी दीपदान महायज्ञ एवं कालिंदी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर जूना अखाड़े के मौज गिरि घाट पर सवा लाख दीप जलाए गए। इसके अलावा मां यमुना की भव्य आरती और आतिशबाजी भी की गई। एक साथ हजारों दीप जलने से यमुना नदी और उसका मौजगिरि घाट दूधिया रोशनी से नहा उठा। दीपों की रोशनी में वहां का नजारा ऐसा लग रहा था, मानों एक साथ हजारों सितारे आसमान से उतरकर ज़मीन पर टिमटिमा रहे हैं। इस मौके पर सर्व कल्याण के साथ ही देश और दुनिया में शांति व खुशहाली होने की ख़ास तौर पर प्रार्थना की गई।

महोत्सव व महायज्ञ में सैकड़ो की संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। कार्यक्रम में मौजूद संत महात्माओं व श्रद्धालुओं ने मां यमुना की विशेष आरती भी की। दीपदान के लिए यमुना की धारा में एक दर्जन से ज्यादा नावों का विशेष इंतजाम किया गया था। इस दौरान जिसने भी यह नजारा देखा, वह बस देखता ही रह गया।


इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन पंच दशनाम जूना अखाड़े के प्रमुख संतों के संरक्षण वाली संस्था श्री दत्तात्रेय सेवा समिति की तरफ से किया गया था। दीपदान महायज्ञ और कालिंदी महोत्सव में जूना अखाड़े के सभापति महंत प्रेम गिरि महाराज समेत तमाम दूसरे अखाड़ों के संत महात्मा मौजूद थे।


दीपदान महायज्ञ और कालिंदी महोत्सव का शुभारंभ इलाहाबाद हाईकोर्ट की जज जस्टिस मंजू रानी चौहान ने दीप जलाकर किया, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव मौजूद थे। महोत्सव में जूना अखाड़े के सचिव महंत चैतन्य पुरी महाराज, ग्वालियर मध्य प्रदेश से आए महंत शिवानंद गिरि जी महाराज, जूना अखाड़े के प्रबंधक हरि शंकर गिरि महाराज, तक्षक तीर्थ पीठाधीश्वर रवि शंकर जी महाराज, किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि, जूना अखाड़े की मातृ शक्ति गंगा गिरि, यमुना गिरि और सरस्वती गिरि भी खास तौर पर मौजूद रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ केसर भवन स्थित वेद विद्यालय के वेदपाठी बटुकों के वेद मंत्रों के साथ हुआ।


समारोह में इलाहाबाद हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति मुख्य अतिथि जस्टिस मंजू रानी चौहान ने कहा कि संतों और गुरुओं में साक्षात भगवान वास करते हैं। संतों के उपदेशों का पालन कर और उनके जैसा आचरण कर ही देश और समाज को समृद्धशाली और शांत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी संत स्वभाव के योगी पुरुष हैं, जबकि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पहले संत और बाद में मुख्यमंत्री हैं। अगर उच्च पदों पर बैठे सभी लोग संतों जैसा आचरण करने लगे तो भारत को एक बार फिर से विश्वगुरू बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि इस बड़े लक्ष्य के लिए सामाजिक समरसता बेहद जरूरी है, क्योंकि समाज को वर्गों में बांटकर और छोटे बड़े का भेद कर इसे प्राप्त नहीं किया जा सकता।


जस्टिस शेखर कुमार यादव ने इस मौके पर कहा कि कण कण और प्रत्येक मनुष्य में भगवान होते हैं, इसलिए कभी किसी का अपमान नहीं करना चाहिए। सभी का आदरपूर्वक सम्मान करना चाहिए। समाज में कोई भी छोटा बड़ा नहीं होता। ईश्वर ने व्यवस्था को संचालित करने के लिए सभी को अलग अलग दायित्व सौंपे हैं। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जूना अखाड़े के सभापति प्रेम गिरि ने कहा कि धर्म के रास्ते पर चलकर ही श्रेष्ठ मनुष्य बना जा सकता है। धर्म हमें मर्यादा और अनुशासन में रहते हुए लक्ष्य तक पहुंचने के बारे में जानकारी देता है। धर्म के जरिए ही ईश्वर तक पहुंचा जा सकता है।

देवोत्थान एकादशी का सनातन धर्म में ख़ासा महत्व है। इस मौके पर भगवान विष्णु न सिर्फ फिर से निद्रा से जग जाते हैं, बल्कि चातुर्मास का समापन हो जाता है और शुभ कार्य शुरू हो जाते हैं। दत्तात्रेय सेवा समिति देवोत्थान एकादशी की पूर्व संध्या पर हर साल जूना अखाड़े के मौजगिरि पर दीपदान महायज्ञ वा कालिंदी महोत्सव का आयोजन करती है। इस मौके पर प्रयागराज पुलिस की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story