×

President Draupadi Murmu MahaKumbh Dubki: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में लगायी पुण्य की डुबकी, मां गंगा का किया पूजन

President Draupadi Murmu MahaKumbh Dubki: राष्ट्रपति ने त्रिवेणी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आस्था की डुबकी लगायी। स्नान करने के बाद राष्ट्रपति ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

Shishumanjali kharwar
Published on: 10 Feb 2025 11:27 AM IST (Updated on: 10 Feb 2025 2:21 PM IST)
president draupadi murmu mahakumbh snan
X

president draupadi murmu mahakumbh snan

President Draupadi Murmu MahaKumbh Dubki: तीर्थनगरी प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में सोमवार को देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची। उन्होंने मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम पर पुण्य की डुबकी लगायी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार सुबह को बमरौली एयरपोर्ट पहुंची। जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति के कुंभ नगरी में आगमन होने पर प्रयागराज के प्रथम नागरिक महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने उन्हें प्रयागराज महानगर की चाबी सौंपी। इसके बाद वह संगम क्षेत्र पहुंची। इस दौरान वहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। राष्ट्रपति प्रयागराज में आज आठ घंटे से अधिक समय तक रहेगीं।

महाकुंभ मेला क्षेत्र पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। इसके बाद राष्ट्रपति ने त्रिवेणी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आस्था की डुबकी लगायी। स्नान करने के बाद राष्ट्रपति ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और फिर मां गंगा की पूजन-आरती की। त्रिवेणी में डुबकी लगाने के बाद राष्ट्रपति अक्षयवट और लेटे हनुमान जी के दर्शन और पूजन भी किया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ.राजेंद्र प्रसाद भी महाकुंभ पहुंचे थे और त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगायी थी।

महाकुंभ में स्नान का सोमवार को 29वां दिन है। आंकड़ों के मुताबिक 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं। सोमवार दोपहर 12 बजे तक लगभग 83 लाख लोग महाकुंभ पहुंचे और डुबकी लगायी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी परिवार के साथ संगम में पुण्य की डुबकी लगाई और भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया।

श्रद्धालुओं की भारी संख्या के चलते प्रयागराज शहर में जबरदस्त जाम लगा हुआ है। जाम की समस्या को देखते हुए अरैल घाट से संगम तक बोट बंद कर दिया गया है। वहीं संगम स्टेशन को भी 14 फरवरी तक बंद कर दिया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ पर नियंत्रण पाने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है। इससे पहले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, देष के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी त्रिवेणी में डुबकी लगा चुके हैं।



Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story