Prayagraj : कानून-व्यवस्था में प्रयागराज की रैंकिंग खराब होने पर मंत्री नन्दी ने जताई नाराजगी

Prayagraj : प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था एवं राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा की।

Syed Raza
Report Syed Raza
Published on: 6 Sep 2024 3:40 PM GMT
Prayagraj : कानून-व्यवस्था में प्रयागराज की रैंकिंग खराब होने पर मंत्री नन्दी ने जताई नाराजगी
X

Prayagraj : प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था एवं राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कई विभागों के जिम्मेदार अफसरों के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताई। इसके साथ ही डीएम को सम्बंधित अफसरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम फूलपुर के अनुपस्थित रहने और पीडीए के किसी भी अधिकारी के उपस्थित न होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने, चीफ इंजीनियर विद्युत के अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई करने और डीएसओ व ड्रग इंस्पेक्टर का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मंत्री नन्दी ने जनपद की रैंकिंग, पीआरबी का रिस्पांस टाइम, अति गम्भीर प्रकरणों में हुई कार्यवाही, एससी/एसटी एक्ट से सम्बंधित प्रकरण, आबकारी अधिनियम से सम्बंधित प्रकरणों, एनडीपीएस एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, गम्भीर मामलों में की गई कार्यवाही, पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी, महिलाओं से सम्बंधित प्रकरण, वन माफिया, भूमाफिया से सम्बंधित विषयों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अपराधों पर और कड़ाई से अंकुश लगाने के लिए वांछित अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी करने, लम्बित विवेचनाओं को समय से पूरा करने, इनाम घोषित अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किए जाने तथा जघन्य अपराधों पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

खराब कानून व्यवस्था पर जताई नाराजगी

प्रयागराज की खराब कानून-व्यवस्था पर मंत्री नन्दी ने नाराजगी जताते हुए सुधारने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री नन्दी ने कहा कि कानून-व्यवस्था के अनुपालन में प्रयागराज की रैंकिंग पूरे प्रदेश में 69 है, जो बहुत ही खराब है। इसे सुधारने और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की जरूरत है। मंत्री नन्दी ने कहा कि पास्को एक्ट में लम्बित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए। साथ ही शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद में फूट पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। मंत्री नन्दी ने धारा 14ए के तहत कार्रवाई तेज किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में अपपर पुलिस आयुक्त एन कोलांची, जिलाधिकारी नवनीत चहल, सीडीओ गौरव कुमार, नगर आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग एवं अन्य सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

उद्यमी मित्रों की दी जाए प्राथमिकता

समीक्षा बैठक में मंत्री नन्दी ने कहा कि उद्यमी मित्रों को प्राथमिकता दी जाए। मंत्री नन्दी ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों के समय से ऑफिस न पहुंचने और कार्यालय में न बैठने की शिकायत पर डीएम को सरप्राइज विजिट कराए जाने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री नन्दी ने कहा कि दाखिल खारिज अकारण विवादित बना कर लम्बित न रखें। नामांतरण प्रक्रिया 45 दिन में पूरी हो जाए, इसका पूरा ख्याल रखें। मंत्री नन्दी ने कहा कि नामांतरण के मामलों में बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि केवल पक्ष या उनके रिश्तेदार ही आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

शिकायतों पर सही तरीके से कार्रवाई हो

महाकुम्भ मेला-2025 के स्थायी निर्माण कार्यों से सम्बंधित प्रमुख विभागों के कार्योें की प्रगति, उनके द्वारा पृष्ठांकित शिकायती पत्रों के निस्तारण सहित अन्य विषयों की विस्तार से समीक्षा की। महाकुम्भ - 2025 के दृष्टिगत कराए जा रहे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। मंत्री नन्दी ने सड़क चौड़ीकरण हेतु किए जा रहे कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने उनके द्वारा मार्क किए गए शिकायती पत्रों का फालोअप करवाये जाने के साथ-साथ कहा कि कार्रवाई नियमानुसार हो, सही हो, समय से हो और अवश्य हो।

शिकायतों निस्तारण में तेजी लाई जाए

आईजीआरएस पोर्टल पर प्रयागराज में अत्यधिक शिकायतों के लम्बित होने व जनपद की रैंकिंग खराब होने के कारणों एवं शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण एवं रैंकिंग सुधारने के लिए की जा रही कार्रवाईयों के बारे में जानकारी प्राप्त की, जिस पर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने अवगत कराया कि इसकी प्रतिदिन समीक्षा कर निस्तारण में तेजी लाई गयी है तथा शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई भी की गयी है। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 78 अधिकारियों का विगत माह का वेतन भी रोका गया था।

मंत्री ने पीएम आवास योजना लाभार्थी के से मुलाकात की

समीक्षा बैठक के बाद मंत्री नन्दी अधिकारियों के साथ सोरांव तहसील क्षेत्र पहुंचे। यहां पर मंत्री नन्दी ने गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। जहां मंत्री नन्दी ने गायों को गुड़ खिलाया। मंत्री नन्दी ने मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी से मुलाकात की। जहां ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई है कि समूह की बैठक नहीं होती है। जिस पर मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री नन्दी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी मागू गुप्ता, मुन्ना गुप्ता और गीता गुप्ता से मुलाकात की। उनके घर का निरीक्षण किया एवं वहां बैठ कर चाय पिया।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story