×

Priyanka Gandhi Lucknow Visit: आज लखनऊ में प्रियंका गांधी, 2 दिन नेताओं के साथ करेंगी मंथन

Priyanka Gandhi Lucknow Visit: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज लखनऊ पहुंचेंगी, जहां वह 2 बजे प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करेंगी।

Rahul Singh Rajpoot
Published on: 1 Jun 2022 2:03 AM GMT (Updated on: 1 Jun 2022 2:03 AM GMT)
Priyanka Gandhi Lucknow Visit
X

Priyanka Gandhi Lucknow Visit (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Priyanka Gandhi Lucknow Visit: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi Vadra) आज दो दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) आने वाली हैं। यहां वह प्रदेश मुख्यालय में 2 बजे प्रशिक्षण शिविर में शिरकत करेंगी। इस साल के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली हार के बाद यह प्रियंका का पहला लखनऊ दौरा होगा। बता दें कांग्रेस बिना प्रदेश अध्यक्ष के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करेगी। इस दौरान नगर निकाय चुनाव और 2024 को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही विधानसभा चुनाव 2022 में मिली हार पर मंथन भी होगा।

बता दें प्रियंका गांधी यहां 2 दिन तक होने वाली पार्टी की बैठक में हिस्सा लेंगी। कांग्रेस पार्टी ने इस दो दिवसीय सम्मेलन का नाम 'नव संकल्प शिविर' (Nav Sankalp Shivir) दिया है। जिसमें प्रदेशभर के कांग्रेस नेता संगठन के पदाधिकारी और जिला अध्यक्षों से प्रियंका गांधी लेंगी आगामी नगर निकाय और मिशन 2024 को लेकर विस्तृत चर्चा के बाद नई रणनीति बनेगी। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को प्रियंका गांधी की अगुवाई में भले ही करारी शिकस्त उठानी पड़ी हो लेकिन एक बार फिर से अब 2024 के चुनाव को लेकर पार्टी तैयारियों में जुट गई हैं इसका असर राज्यसभा चुनाव में भी देखने को मिला है। यूपी में कांग्रेस के भले ही 2 विधायक जीते हैं लेकिन यहां से तीन राज्यसभा सांसद बनने जा रहे हैं। दो ब्राह्मण और एक मुस्लिम यानी 2024 के लिए कांग्रेस पार्टी बीएम समीकरण बिठा रही है।

'नव संकल्प शिविर' की तैयारियों को दिया गया अंतिम रूप

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ में आयोजित होने जा रहे 'नव संकल्प शिविर' की तैयारियों को लेकर मंगलवार को दिनभर नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक हुई और इसे अंतिम रूप दिया गया। यूपी कांग्रेस के नेताओं के मुताबिक, इस शिविर में सम्मिलित होने वाले प्रदेश नेताओं में पार्टी के नये संकल्पों के प्रति उनके सुझावों एवं सहभागिता को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम को महासचिव एवं यूपी प्रभारी उत्तर प्रदेश प्रियंका गांधी वाड्रा सम्बोधित करेंगी। वह कार्यक्रम में दोनों दिन उपस्थित रहकर नेताओं के सुझावों पर मंथन करेंगी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता डा उमा शंकर पाण्डेय ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा उदयपुर में आयोजित '' नव संकल्प शिविर'' द्वारा लिये गये संकल्पों एवं उसके अनुरूप तय कार्यक्रमों पर मंथन में प्रियंका गांधी वाड्रा दोनों दिन उपस्थित रहते हुए कार्यक्रम को सम्बोधित करने के साथ ही सम्मिलित पदाधिकारियों के साथ रणनीतियों पर विचार- विमर्श करेंगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला में आमंत्रित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारीगण, समस्त जिला, शहर अध्यक्षगण, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक गण, 2022 विधानसभा चुनाव एवं 2019 लोकसभा चुनाव के सभी प्रत्याशी गण, फ्रंटल संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, चेयरमैन तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के समस्त प्रवक्ता गण उपस्थित रहेंगे।

बिना प्रदेश अध्यक्ष के होगा 'नव संकल्प शिविर'

बता दें कांग्रेस का ये 'नव संकल्प शिविर' बिना प्रदेश अध्यक्ष के होने जा रहा है। इसमें प्रियंका गांधी भले ही पार्टी के पुराने, नए नेताओं से मिलकर आगे की रणनीति तय करें। लेकिन अभी भी यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद पर किसी नेता का नाम आलाकमान फाइनल नहीं कर पाया है। पहले प्रमोद तिवारी के नाम की चर्चा जोर शोर से चल रही थी लेकिन अब उन्हें राज्यसभा भेजा जा रहा है। ऐसे में अब कहा जा रहा है कोई दलित चेहरा को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी मिल सकती है। जिनमें पीएल पुनिया का नाम आगे है। हालांकि अब इस पर फैसला बाद में होगा।

यूपी की राजधानी लखनऊ 2 दिन तक प्रियंका गांधी उनके सिपहसालार और प्रदेश के सभी पदाधिकारी इस बैठक में शामिल हो रहे हैं, अब देखना होगा की इसमें क्या रणनीति बनती है, क्योकि उत्तर प्रदेश में कुछ महीने बाद नगर निकाय उसके बाद 2024 की बड़ी सियासी लड़ाई होने जा रही है। कांग्रेस को अगर केंद्र में वापसी करना है तो उत्तर प्रदेश में उन्हें अपना विजय पताका फहराना होगा। जो हाल फिलहाल एक बड़ी चुनौती है और उसी चुनौती को कैसे पार किया जाये इसी पर मंथन के लिए प्रियंका गांधी एक बार फिर से लखनऊ का रुख कर चुकी हैं।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story