×

Basti Crime News: मुंह में ब्लेड और अंगों पर किये चाकू से वार, कक्षा नौ की छात्रा के बंधे थे पैर, कटी थी चोटी

Basti Crime News: बस्ती में घर से शौच को निकली किशोरी लहूलुहान मिली है। उसके पैर बंधे थे, मुंह में ब्लेड था और शरीर के हर अंग से खून बह रहा था।

Amril Lal
Report Amril LalPublished By Shweta
Published on: 11 Sep 2021 10:33 AM GMT
घायल छात्रा को देखने आए पुलिस अधीक्षक
X

घायल छात्रा को देखने आए पुलिस अधीक्षक

Basti Crime News: बस्ती जिले में शनिवार को दिन ​दहाड़े घर से शौच को निकली किशोरी लहूलुहान मिली है। उसके पैर बंधे थे, मुंह में ब्लेड था और शरीर के हर अंग से खून बह रहा था। किशोरी कक्षा नौ की छात्रा है जिसे चाकू से गोद कर हत्या करने का प्रयास किया गया है। ग्रामीणों ने छात्रा को बेहोशी की हालत में खून से लथपथ पाया है। फिलहाल उसका इलाज जिला चिकित्सालय बस्ती में चल रहा है छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस अधीक्षक घटना स्थल पर पहुंचे और सभी पहलुओं की जांच में जुट गए हैं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम माझा चौहानपुर में उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा नौ की छात्रा शौच के लिए अपने घर से बाहर गई थी। घर से मात्र 500 मीटर दूरी पर ग्रामीणों और परिजनों ने उसे खून से लथपथ अवस्था में पाया। जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बेहोशी हालत में छात्रा को कप्तानगंज पीएससी पर लाया गया जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख कर जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया।

इस दौरान घायल लड़की के परिजनों का कहना है कि, जब हम लोग घटनास्थल पर पहुचे तो बेटी के मुंह में कपड़ा घुसा हुआ था। गला कसा हुआ था। उसके दोनों पैर बंधे हुए थे, चेहरे पर ब्लेड से वार के निशान थे। शरीर के हर अंगों पर चाकू से वार किया गया था। यहां तक की मुंह में ब्लेड भी डाल दिया गया था। सिर्फ इतना ही नहीं मेरी बेटी का बाल भी घटनास्थल पर काटा गया था। परिजनों का आरोप है कि पूरी घटना जमीनी विवाद के कारण हुई है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए बस्ती पुलिस अधीक्षक पीड़ित परिवार से जिला अस्पताल में मुलाकात की और घटनास्थल का निरीक्षण करने घटनास्थल पर भी गए।

इस दौरान सपा के वरिष्ठ नेता अतुल चौधरी व वीरेंद्र चौधरी पीड़ित परिवार से मिले और जिला प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं सपा नेता अतुल चौधरी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, इस सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं है आए दिन महिलाओं पर अपराध हो रहे हैं पुलिस पूरी तरह फेल है।

क्या कहा पुलिस अधीक्षक ने

आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक बस्ती आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि सुबह 5:30 बजे सूचना मिली थी कि एक लड़की खून से लथपथ अवस्था में गांव के बाहर मिली है। परिजनों द्वारा कप्तानगंज पीएससी पर लाया गया जहां मौके पर पुलिस भी पहुंची और उसकी हालत देखकर डॉक्टरों ने बस्ती जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत सही है। लड़की के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ 307 का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस हर पहलु पर गंभीरता से जांच कर रही है।

Shweta

Shweta

Next Story