TRENDING TAGS :
Chandauli News: फिर दिखा तेंदुआ, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
Chandauli News: चंदौली जनपद के नौगढ़ में नक्सल प्रभावित चंद्र प्रभा वन्य जीव अभयारण्य से सटे कोईलरवा हनुमान मंदिर के जंगल में काफी दिनों बाद फिर से तेंदुए को विचरण करते देखा गया है।
गाँव में तेंदुआ दिखने से मचा हड़कंप pic(social media)
Chandauli News: चंदौली जनपद के नौगढ़ में तेंदुए की दस्तक से लोगों में डर का माहौल है। चंद्र प्रभा वन्य जीव अभयारण्य से सटे कोईलरवा हनुमान मंदिर के जंगल में काफी दिनों बाद फिर से तेंदुए को विचरण करते देखा गया है। वन विभाग ने लोगों को सतर्क किया है।
![कैमरे में कैद हुआ तेंदुआ pic(social media) कैमरे में कैद हुआ तेंदुआ pic(social media)](https://newstrack.com/h-upload/2021/08/05/1205842-leopard-1.webp)
चंदौली जनपद के नौगढ़ में नक्सल प्रभावित चंद्र प्रभा वन्य जीव अभयारण्य से सटे कोईलरवा हनुमान मंदिर के जंगल में काफी दिनों बाद फिर से तेंदुए को विचरण करते देखा गया है। चंद्रप्रभा रेंज में भालू जैसे अन्य वन्य जीव थे लेकिन तेंदुए की दस्तक लगभग एक साल बाद देखने को मिली है। तेंदुए की दस्तक से जहां आसपास के इलाके में दहशत है वहीं वन विभाग ने लोगों को इस रास्ते से गुजरने तथा रिहायसी इलाके में रहने वाले को सतर्क किया है। कैमरे में तेंदुए की चहलकदमी कैद हो गई है। वन विभाग ने आने जाने वाले लोगों को सतर्क करते हुए मंदिर में दर्शन पूजन करने के लिए मना कर दिया है।
आपको बता दें कि चंद्रप्रभा वन्य जीव अभ्यारण्य से सटे कोइलरवा हनुमान जी के जंगल में बीच रास्ते पर जब तेंदुआ घूम रहा था तो उसकी तस्वीरें कैमरे में कैद गई हैं। उसके पैरों के निशान भी मिले हैं। साथ ही जंगली जानवर का आधा खाया हुआ हिस्सा भी मिला है। जिसके बारे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेंदुए ने ही इसे मारकर खाया होगा। लॉकडाउन के दौरान पिछले साल अप्रैल में तेंदुए की मौजूदगी देखे जाने की चर्चा गांव वालों ने की थी।
काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के सहायक वन संरक्षक धर्मेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि चंद्र प्रभा वन्य जीव अभ्यारण्य के पास सटे कोईलरवा हनुमान मंदिर के जंगल में तेंदुए की मौजूदगी दिखाती है कि जंगल काफी घना हैं। पानी और खाना प्रचुर मात्रा में इसलिए यहां पर तेंदुए आते रहते हैं। एक या डेढ़ साल में इनकी मौजूदगी होने की चर्चा सुनाई पड़ती रहती है। यह बता पाना मुश्किल होगा कि वह कहां से आया है। फिलहाल वन विभाग द्वारा तेंदुए की तलाश की जा रही है।