×

प्रदेश अध्यक्ष के लिए भाजपा में कई दावेदार, भूपेन्द्र चौधरी और सुब्रत पाठक रेस में सबसे आगे

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर दिल्ली से लखनऊ तक कई राउन्ड की बैठकें हो चुकी हैं, जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल हो चुके हैं।

Shreedhar Agnihotri
Published on: 28 Jun 2022 6:33 AM GMT
Bjp latest news
X

प्रदेश अध्यक्ष के लिए भाजपा में कई दावेदार (Social media)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश भाजपा को नए अध्यक्ष के लिए बस अब कुछ दिनों का इंतजार बाकी रह गया है। इन दिनों नए अध्यक्ष के लिए मंथन का दौर तेज हो गया है। कल देर रात भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक में कई नामों पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में दोनो डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल थें।

दिल्ली से लेकर लखनऊ तक कई राउन्ड की बैठकें

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर दिल्ली से लेकर लखनऊ तक कई राउन्ड की बैठकें भी हो चुकी हैं जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश , संगठन मंत्री सुनील बंसल और वर्तनाम प्रदेश अध्यक्ष स्वंतत्रदेव सिंह शामिल हो चुके हैं।

जानकारों का कहना है कि जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के पास दो रास्ते हैं एक किसी ब्राम्हण को प्रदेश की कमान सौपी जाए जिससे सवर्ण वोटों को आकर्षित किया जाए तो दूसरा विकल्प गैर-यादव ओबीसी के नेता को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाए जिसस सपा और बसपा को और कमजोर किया जा सके। इस बात की उम्मीद है कि भाजपा ओबीसी पर ही दांव लगाएगी। इसके पीछे सरकार और संगठन में एक सवर्ण और एक ओबीसी का फार्मूला रखने की है। पहले भी भाजपा इस तरह के प्रयोग करती रही है।

विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह की कुशल जुगलबंदी से भाजपा को प्रदेश में फिर से सत्ता हासिल हुई है। जिसके परिणामस्वरूप योगी आदित्यनाथ को फिर से मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को सरकार में मंत्री बनाया गया। अब जबकि स्वतंत्रदेव सिंह सरकार में शामिल हो चुके हैं। इसलिए पार्टी संविधान के अनुसार वह दो पदों पर काबिज नहीं हो सकते है।

पार्टी सूत्रों का दावा है कि प्रदेश अध्यक्ष के दावेदारों में पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, भाजपा के महासचिव अश्विनी त्यागी और अमरपाल मौर्या के अलावा बस्ती से पार्टी सांसद हरीश द्विवेदी , केंद्रीय मंत्री और लोध नेता बीएल वर्मा, भानु प्रताप वर्मा डा दिनेश शर्मा और कन्नौज से सांसद सुब्रत पाठक मुख्य रूप से शामिल हैं।

बैठक के दौरान हाल ही में समाजवादी पार्टी के गढ आजमगढ़ और रामपुर में मिली सफलता पर चर्चा के साथ ही यह बात भी कही गयी कि जनता भाजपा की नीतियों से प्रभावित है। इसलिए इस बात की पूरी उम्मीद है कि जनता लोकसभा चुनाव में अस्सी में अस्सी सीटें देने को तैयार हैं।

इसके साथ ही बैठक में नागर निकाय चुनाव और राष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। इसके अलावा केन्द्र सरकार और राज्य सरकार की उपलब्ध्यियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति बनाई गयी। अब देखना यह होगा कि आगामी तीन जुलाई को होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद इसकी घोषणा होगी अथवा इस बैठक में शामिल होने नया प्रदेश अध्यक्ष हैदराबाद जाएगा।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story