UP: घर में ही घिरे स्वामी प्रसाद मौर्य, सपा नेता मनोज पांडे ने दिलायी अतीत की याद,'...तब केसरिया गमछा डालकर नारे लगाते थे'

Raebareli News: सपा के पूर्व मंत्री मनोज कुमार पांडे ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अतीत की याद दिलाते हुए कहा कि, स्वामी प्रसाद तब सत्ता की मलाई चाटते थे।

Narendra Singh
Published on: 15 Nov 2023 6:52 AM GMT (Updated on: 15 Nov 2023 7:12 AM GMT)
X

Manoj Pandey (Social Media)

Manoj Pandey on Swami Prasad Maurya : समाजवादी पार्टी के एमएलसी स्वामी प्रसाद मौर्य अपने विवादित बयानों के बाद अपनी ही पार्टी में अलग-थलग पड़ते नजर आ रहे हैं। दिवाली पर मां लक्ष्मी पर दिया उनका हालिया बयान पार्टी के भीतर भी उनके लिए मुसीबतें खड़ी कर रहा है। हालांकि, सपा ने भी स्वामी प्रसाद के बयान से किनारे कर लिया है। वहीं, अब रायबरेली में सपा के पूर्व मंत्री मनोज कुमार पांडे (Manoj Kumar Pandey) ने स्वामी प्रसाद मौर्य पर करारा वार किया है।

मनोज कुमार पांडे ने अपने ही नेता को अतीत की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि, स्वामी प्रसाद मौर्य 2017 से 2022 तक सत्ता की मलाई चाटते रहे। उस दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य केसरिया गमछा डालकर नारे लगाते थे। आगे कहा कि बयान देने वालों को अतीत नहीं भूलना चाहिए।'

'बयान का उत्तर दिया जाता है बकवास का नहीं'

सपा सरकार में पूर्व मंत्री रहे मनोज कुमार पांडे ने स्वामी प्रसाद मौर्य की टिप्पणी को बकवास करार दिया। उन्होंने कहा कि, 'बयान का उत्तर दिया जाता है बकवास का नहीं। देश में एक मजबूत संविधान है। संविधान अपने-अपने धर्म को मानने की हर किसी को आज़ादी देता है। मगर, किसी भी धर्म पर टिप्पणी करने का किसी को अधिकार नहीं है। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य को गरीबी, बेरोजगारी और किसानों की समस्या उठाने की नसीहत भी दी। मनोज पांडे ने ये भी कहा कि, समाजवादी पार्टी की स्पष्ट लाइन है। हम सभी वर्ग, जाति, धर्म का सम्मान करते हैं।'

क्या कहा था स्वामी प्रसाद ने?

दरअसल, दिवाली के दिन सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के मां लक्ष्मी को लेकर किये गए ट्वीट के बाद राजनीतिक भूचाल आ गया है। स्वामी के बयान के बाद एमपी विधानसभा चुनाव प्रचार में जोर-शोर से जुटी समाजवादी पार्टी की तैयारियों को भी झटका लगा है। समाजवादी पार्टी में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। यूपी विधानसभा में समाजवादी पार्टी के सचेतक और पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने अपनी ही पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर जमकर हमला बोला। एमपी में चुनाव प्रचार के लिए जाते समय मनोज पांडेय ने स्वामी प्रसाद के बयान को उनकी व्यक्तिगत राय बताया।

मनोज पांडे ने कहा, ये बयान पार्टी का बयान नहीं है। पार्टी के कई बड़े नेता ये स्पष्ट कर चुके हैं कि ये उनका व्यक्तिगत बयान है। मनोज पांडेय ने आगे कहा कि, अगर कोई बयान हो तो उसका प्रतिउत्तर दिया जाता है। बकवास का आखिर क्या दिया जा सकता है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story