×

Raebareli: 'ऑपरेशन दृष्टि' और 'त्रिनेत्र' होगा और मजबूत, व्यापारियों की मदद से इस प्रकार साकार, SP ने भी की सराहना

Raebareli News: एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि, 'ऑपरेशन दृष्टि और 'त्रिनेत्र' के तहत जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। जिससे अपराध पर लगाम लग सके। व्यापारियों द्वारा 40 सीसीटीवी कैमरे हमें प्राप्त हुए हैं।

Narendra Singh
Published on: 8 Dec 2023 10:24 AM GMT
Raebareli News
X

एसपी आलोक प्रियदर्शी को सीसीटीवी कैमरे सौंपते व्यापारी (Social Media) 

Raebareli News: रायबरेली में चोरियां और आपराधिक घटनाओं में तेज वृद्धि दर्ज की गयी है। बढ़ते आपराधिक मामलों के मद्देनजर जिले के एसपी आलोक प्रियदर्शी (SP Alok Priyadarshi) ने 'ऑपरेशन दृष्टि' और 'त्रिनेत्र अभियान' को और मजबूत करने की कवायद तेज की है। इसमें व्यापरियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एक दर्जन से ज्यादा व्यापारियों ने शुक्रवार (08 दिसंबर) को एसपी आलोक प्रियदर्शी को 40 4G नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे सौंपे।

इन कैमरों को सौंपने का मकसद जिले में अपराधियों पर पर लगाम लगाना है। रायबरेली व्यापारी नेता अतुल गुप्ता आज एक दर्जन से ज्यादा व्यापारियों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने 40 नाइट विजन कैमरा एसपी आलोक प्रियदर्शी को सौंपा। व्यापारियों का कहना है इससे लगातार बढ़ती चोरी की घटनाएं सहित अन्य आपराधिक मामलों पर लगाम कसने में मददगार साबित होगा।

'...ताकि सभी की सुरक्षा बरक़रार रहे'

व्यापारी नेता महेंद्र अग्रवाल ने बताया कि, 'इन कैमरा के लगने से सभी की सुरक्षा बरकरार रहेगी। आज रायबरेली शहर के व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लाखों कीमत के सीसीटीवी कैमरे पुलिस अधीक्षक को सौंपे। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि, सभी नगर क्षेत्राधिकारी और सीओ सिटी को निर्देशित किया गया है कि सभी लोग अपने-अपने सर्किल में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं।

एसपी बोले- कंट्रोल रूम होगा स्थापित

एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि, 'ऑपरेशन दृष्टि और 'त्रिनेत्र' के तहत जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। जिससे अपराध पर लगाम लग सके। व्यापारियों द्वारा 40 सीसीटीवी कैमरे हमें प्राप्त हुए हैं। जिन्हें शहर के मुख्य मुख्य जगहों पर लगाकर एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। ताकि, अपराधियों पर नजर रखी जा सके।' उन्होंने बताया, सीओ सिटी अमित सिंह द्वारा व्यापारियों से बैठक करके यह कार्य संभव हो सका है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story