×

Raebareli Result: राहुल गांधी की शानदार जीत, 3 लाख 80 हजार वोटों से बीजेपी प्रत्याशी को पछाड़ा

Rae Bareli Seat Election Result: उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी ने शानदार जीत दर्ज की है। राहुल गांधी ने बीजेपी उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को करीब 3 लाख 80 हजार वोटों से पटखनी दी है।

Aniket Gupta
Published on: 4 Jun 2024 10:39 AM GMT
Raebareli Result: राहुल गांधी की शानदार जीत, 3 लाख 80 हजार वोटों से बीजेपी प्रत्याशी को पछाड़ा
X

Rae Bareli Seat Election Result: उत्तर प्रदेश की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक रायबरेली में एक बार फिर कांग्रेस ने बाजी मारी है। इस सीट से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह को 3 लाख 80 हजार वोटों से पटखनी दी है। राहुल गांधी को करीब 6 लाख 80 हजार वोट पड़े। वहीं दिनेश प्रताप सिंह के खाते में करीब 2 लाख 93 हजार वोट आए। वहीं तीसरे स्थान पर मायावती की पार्टी बसपा के उम्मीदवार ठाकुर प्रसाद यादव रहे, जिन्हें करीब 21 हजार वोट प्राप्त हुए। मतगणना की शुरूआत से ही राहुल गांधी ने लगातार बढ़त बनाए रखा। चुनाव के शुरुआत में इस बात की चर्चा थी कि राहुल गांधी अमेठी और प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। लेकिन, कांग्रेस हाईकमान ने अपने फैसले से सबको चौंका दिया था। केरल के वायनाड लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के बाद राहुल गांधी जब उत्तर प्रदेश पहुंचे तो यह ऐलान हुआ कि वे अपनी मां सोनिया गांधी की छोड़ी हुई सीट रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे। और प्रियंका गांधी लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगी।

2019 में भी दिनेश प्रताप सिंह लड़े थे चुनाव

दरअसल, रायबरेली सीट का सीधा नाता गांधी परिवार से रहा है। 2019 के चुनाव में गांधी परिवार को उस समय झटका लगा, जब राहुल गांधी अमेठी से चुनाव हार गए। अमेठी से बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने उन्हें करीब 55 हजार वोटों के अंतर से हराया था। लिहाजा इस बार स्मृति ईरानी के खिलाफ कांग्रेस की तरफ से किशोरी लाल शर्मा को चुनावी मैदान में उतारा गया। वहीं रायबरेली सीट पर राहुल गांधी को बीजेपी प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह टक्कर दे रहे थे। पिछले लोकसभा चुनाव यानी 2019 में भी रायबरेली सीट से सोनिया गांधी के खिलाफ बीजेपी की तरफ से दिनेश प्रताप सिंह चुनाव लड़े थे और सोनिया गांधी की जीत का अंतर कम किया था।

Aniket Gupta

Aniket Gupta

Senior Content Writer

Aniket has been associated with the journalism field for the last two years. Graduated from University of Allahabad. Currently working as Senior Content Writer in Newstrack. Aniket has also worked with Rajasthan Patrika. He Has Special interest in politics, education and local crime.

Next Story