×

UP: स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा को बताया ‘संविधान विरोधी’, इंडिया गठबंधन पर कही ये बात

UP: राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य बुधवार को रायबरेली में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे।

Narendra Singh
Published on: 20 March 2024 11:22 AM GMT
Raebareli news
X

स्वामी प्रसाद मौर्य ने भाजपा को बताया ‘संविधान विरोधी’ (न्यूजट्रैक)

Raebareli News: राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य बुधवार को रायबरेली में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे। उन्होंने शोषित समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। मीडिया से बात करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य ने बीजेपी को जमकर कोसा और कहा कि संविधान को बचाना है तो बीजेपी को हराना है। स्वामी ने इंडी गठबंधन को अपना समर्थन देने की बात कही है।

भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल है और भारतीय जनता पार्टी ने नौजवानों को बेरोजगार बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जीएसटी और ईडी के माध्यम से छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। सरकार ने किसानों को लाभ पहुंचाने की बात कही थी लेकिन किसानों को लाभ तो पहुंचा नहीं बल्कि उनके रास्ते में कील कांटे बिछाए गए। उनके साथ दुश्मनों जैसा व्यवहार किया गया। भारतीय जनता पार्टी को संविधान विरोधी पार्टी का दर्जा देने के बाद स्वामी ने कहा कि मेरी पार्टी का समर्थन इंडी एलाइंस को है क्योंकि किसी भी कीमत पर भाजपा को हराना है।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी पिछड़ों, अनुसूचित जाति और जनजाति का आरक्षण खत्म कर रही है। संविधान विरोधी काम कर रही है। ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है और लाभ के संस्थान जैसे एलआईसी, एयरपोर्ट, बंदरगाह, रेलवे स्टेशन इन सभी को निजी हाथों में दे दिया है। भाजपा से देश को खतरा है इसलिए सत्ता से भाजपा को हटाने का काम करना है।

सपा में दोबारा जाने की बात पर उन्होंने कहा कि मैंने खुद पार्टी बनाई है तो अब पार्टी में जाने का सवाल नहीं होता है हालांकि इंडी एलाइंस को समर्थन रहेगा। रायबरेली से चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि इंडी एलाइंस का जो भी कैंडिडेट उतरेगा उसको मेरा समर्थन रहेगा। जो भी नाम होगा रायबरेली से वह चौंकाने वाला होगा और इंडी अलायंस का प्रत्याशी ही रायबरेली से चुनाव जीतेगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story