×

Lok Sabha Election 2024: राहुल और प्रियंका के यूपी से चुनाव लड़ने पर बन गई सहमति! अजय राय बोले-दोनों नेताओं का बना रहेगा प्रदेश से रिश्ता

Lok Sabha Election 2024: बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने की संभावना के संबंध में कहा कि दोनों नेताओं का प्रदेश से गहरा रिश्ता है और यह रिश्ता आगे भी बना रहेगा।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 19 Dec 2023 3:53 AM GMT
Rahul gandhi and Priyanka gandhi
X

Rahul gandhi and Priyanka gandhi 

Lok Sabha Election 2024: देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में अपनी सियासी जमीन मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस इन दिनों गहराई से मंथन में जुटी हुई है। विभिन्न राज्यों के कांग्रेस नेताओं से शीर्ष नेतृत्व लगातार चर्चा करने में जुटा हुआ है। इसी सिलसिले में सोमवार को उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेताओं की कांग्रेस हाईकमान के साथ बड़ी बैठक हुई।

बैठक में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत बनाने की रणनीति पर गहराई से चर्चा की गई। बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के उत्तर प्रदेश से चुनाव लड़ने की संभावना के संबंध में कहा कि दोनों नेताओं का प्रदेश से गहरा रिश्ता है और यह रिश्ता आगे भी बना रहेगा।

बैठक में मौजूद थे सभी बड़े कांग्रेस नेता

प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए बुलाई गई इस बैठक में यूपी से जुड़े कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इन नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अलावा सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा और विधायक आराधना मिश्रा मोना समेत अन्य प्रमुख नेता शामिल थे। बैठक में मौजूद पार्टी के शीर्ष नेताओं में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी,पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल शामिल थे।

राहुल-प्रियंका का यूपी से बना रहेगा रिश्ता

बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि उत्तर प्रदेश राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का घर है और दोनों नेताओं का प्रदेश से आत्मीय रिश्ता है। प्रयागराज, रायबरेली और अमेठी से गांधी परिवार का काफी पुराना रिश्ता है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी यहां के लोगों से लंबे समय से जुड़े हुए हैं और यह रिश्ता आगे भी बना रहेगा। यह रिश्ता परिवार का रिश्ता है और इसे तोड़ा नहीं जा सकता। हालांकि उन्होंने दोनों नेताओं के चुनाव क्षेत्रों के संबंध में स्पष्ट रूप से कोई ऐलान नहीं किया।

गठबंधन पर राष्ट्रीय नेतृत्व लेगा फैसला

अजय राय ने कहा कि यूपी कांग्रेस के नेताओं ने पूरी मजबूती के साथ पार्टी हाईकमान के सामने अपनी बातें रखी हैं। हमने राष्ट्रीय नेतृत्व से कहा है कि राष्ट्रीय नेताओं को उत्तर प्रदेश पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उत्तर प्रदेश में गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने इस बाबत फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व पर छोड़ दिया है। गठबंधन के संबंध में आखिरी फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व ही लेगा।

जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने का फैसला

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी,महिला उत्पीड़न और जनता से जुड़े मुद्दों को जोरदार ढंग से उठाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि हाल में एक बच्ची के साथ बलात्कार करने वाले भाजपा विधायक को सजा सुनाई गई है। इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब भाजपा को पता था कि वह विधायक बलात्कारी है तो उसे पार्टी की ओर से टिकट ही क्यों दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा में ऐसे लोगों की भरमार है मगर पार्टी खुद को पाक-साफ साबित करने की कोशिश में जुटी हुई है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story