×

Rajya Sabha Election 2022: सपा ने फाइनल की लिस्ट- डिंपल, कपिल सिब्बल और जावेद अली का नाम लगभग तय

Samajwadi Party Rajya Sabha candidates: अखिलेश यादव की पत्नी और पूर्व सांसद डिम्पल यादव को राज्यसभा भेजने की तैयारी है। पहले आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में उन्हें उतारने की चर्चा थी।

Shreedhar Agnihotri
Published on: 25 May 2022 6:09 AM GMT
samajwadi party decides names of rajya sabha candidates dimple yadav kapil sibal javed ali in list
X

 डिंपल यादव और अखिलेश यादव

Samajwadi Party Rajya Sabha Candidates : राज्यसभा की रिक्त हो रही 11 सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) में प्रत्याशी चयन का दौर चल रहा है। फिलहाल प्रत्याशियों का पैनल तैयार कर लिया गया है। अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को करना है। जहां समाजवादी पार्टी में आज शाम तक इसकी घोषणा कर दी जाएगी। वहीं, बीजेपी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंतजार है, जो इन दिनों जापान दौरे पर हैं।

दरअसल, समाजवादी पार्टी में मो. आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से जमानत दिलवाने में कपिल सिब्बल (Kapil Sibal) की भूमिका को देखते हुए उनके नाम की चर्चा है। सिब्बल भी मान चुके हैं, कि इस बार कांग्रेस उनको दोबारा राज्यसभा नहीं भेजेगी। इसलिए वह समाजवादी पार्टी से राज्यसभा जाने की कोशिश में हैं।

रेस में कई नाम

वहीं, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की पत्नी और पूर्व सांसद डिम्पल यादव (Dimple Yadav) को राज्यसभा भेजने की तैयारी है। पहले आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में उन्हें उतारने की चर्चा थी।पर, अब 'उन्हे शॉर्टकट' से उच्च सदन में भेजने की योजना है। पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन (Former Chief Secretary Alok Ranjan) को भी राज्यसभा की एक सीट दी जा सकती है। वह समाजवादी पार्टी के बेहद करीबी माने जाते हैं। इसके अलावा पूर्व राज्यसभा सदस्य जावेद अली (Javed Ali) और इमरान मसूद (Imran Masood) को मुस्लिम चेहरे के तौर उतारे जाने की बात हो रही है। सलीम शेरवानी (Saleem Sherwani) और रालोद के अध्यक्ष जयंत चौधरी (RLD Chief Jayant Chowdhary) भी राज्यसभा में दस्तक देने को तैयार है।

सपा में 30 से अधिक दावेदार

सपा से राज्यसभा जाने के लिए करीब 30 से अधिक दावेदार बताए जा रहे हैं। जिनमें करीब एक दर्जन नाम तो ऐसे हैं जो पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। इमरान मसूद कांग्रेस छोड़कर सपा में आए प्रियंका के करीब नेता माने जाते थे और कांग्रेस में रहकर सपा की तारीफ़ किया करते थे।

बीजेपी के पैनल में इन 15 नामों पर चर्चा

उधर, बीजेपी राज्यसभा चुनाव में आठ सीटों को कब्जाने को लेकर नाम तय कर रही है। प्रत्याशियों के पैनल में 15 नाम शामिल किए गए हैं। इनमें नरेश अग्रवाल, जफर इस्लाम, प्रियंका रावत, सुरेन्द्र नागर, संजय सेठ के अलावा कुछ और नाम चौंकाने वाले हो सकते हैं। इसमें समाजवादी पार्टी के सुखराम सिंह यादव को भी भाजपा राज्यसभा भेज सकती है। प्रियंका रावत इसके पूर्व बाराबंकी से लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं, पर पिछले लोकसभा चुनाव में उनका नाम काट दिया गया था।

बता दें कि, उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 11 सीटों का कार्यकाल 4 जुलाई को समाप्त हो रहा है। इससे पहले इन 11 सीटों पर निर्वाचन की प्रक्रिया के अंतर्गत 10 जून को वोटिंग होगी। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजेपी इन 11 में से 8 सीट आसानी से जीत सकेगी। जबकि, तीन सीटें समाजवादी पार्टी आसानी से जीत सकेगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story