×

Brij Bhushan Sharan Singh: सपा नेताओं में घुस गयी दैत्यगुरू शुक्राचार्य की आत्मा.. राणा सांगा विवाद पर बोले बृजभूषण शरण सिंह

Brij Bhushan Sharan Singh: बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सपा के कुछ नेताओं में कभी-कभी शुक्राचार्य की आत्मा घुस जाती है। पहले शुक्र की आत्मा मुंबई में घुसी थी। वहां सब कुछ ठीक चल रहा था।

Shishumanjali kharwar
Published on: 24 March 2025 9:01 AM IST
brij bhusan sharan singh
X

brij bhusan sharan singh

Brij Bhushan Sharan Singh: देश में इन दिनों औरंगजेब को लेकर सियासत तेजी से चल रही है। कई जगहों पर इस मुद्दे पर हिंसा भी हुई। वहीं समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के राणा सांगा को लेकर दिये गये विवादित बयान के बाद सियासी संग्राम मच गया है। हालांकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सांसद के बयान का समर्थन किया है। वहीं भाजपा नेता रामजी लाल सुमन के बयान की कड़ी निंदा कर रहे हैं। वहीं अब इस मामले पर भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की तीखी प्रतिक्रिया सामने आयी है। जिसके उन्होंने कहा है कि सपा के कुछ नेताओं के शरीर में दैत्यगुरू शुक्राचार्य की आत्मा घुस गयी है।

भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं के शरीर में दैत्याचार्य शुक्र की आत्मा घुस गयी है। लेकिन शुक्राचार्य के बताए मार्ग पर चलने से रावण का भी अंत ही हुआ था। अब सपा नेता के ऐसे बयान का क्या परिणाम होगा। इसकी चिंता राणा सांगा के परिवार या फिर राजपूत समाज को करने की आवश्यकता नहीं है।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि सपा के कुछ नेताओं में कभी-कभी शुक्राचार्य की आत्मा घुस जाती है। पहले शुक्र की आत्मा मुंबई में घुसी थी। वहां सब कुछ ठीक चल रहा था। तो अब कई बार के सांसद रह चुके रामजी लाल सुमन के अंदर दैत्यगुरू की आत्मा घुस गयी है। वह इतिहास के बहुत बड़े जानकार हैं। लेकिन यदि उन्हें यह जानकारी कहीं से मिल गयी है कि राणा सांगा ने बाबर को आमंत्रित किया था। तो इतिहास के पन्नों में उन्हें यह भी देखना चाहिए कि दौलत खान लोदी ने क्या किया और इब्राहिम लोदी के विरोध में दौलत खान की क्या भूमिका थी।

रामजी लाल को वापस लेना चाहिए बयान

भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने जारी किए गए वीडियो में आगे कहा कि इतिहास में तो बहुत कुछ है। लेकिन जिस बयान से किसी जाति या फिर समाज की भावनाओं को तकलीफ पहुंचे। ऐसा बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि राणा सांगा, छत्रपति शिवाजी महाराज देशभक्त थे या नहीं? झांसी की रानी और संभाजी महाराज देशभक्त थे या नहीं? इसके लिए किसी के प्रमाणपत्र की कोई भी जरूरत नहीं है। सपा सांसद रामजी लाल सुमन को अपना बयान वापस ले लेना चाहिए। वरना समाजवादी पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

सपा सांसद रामजी लाल का बयान

समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन ने सदन में कहा था कि भाजपा वालों का यह तकियाकलाम हो गया है कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है। अगर मुसलमानों में बाबर का डीएनए है तो फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को भारत कौन लाया? भारत में इब्राहिम लोदी को हराने के लिए बाबर को राणा सांगा लाया था। तो अगर मुसलमान बाबर की औलाद हैं तो फिर तुम (हिंदू) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story