×

झांसी में बोले आशुतोष टंडन, पेयजल समस्या से निपटना हमारी प्राथमिकता

उत्तर प्रदेश सरकार के शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार गरीबी उन्मूलन नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन द्वारा सर्किट हाउस में नगर निगम के कार्यो सहित स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत किये जा रहे कार्यो की प्रगति की जानकारी एवं समीक्षा के साथ 9 विकास कार्यो का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

Monika
Published on: 9 Feb 2021 4:56 PM GMT
झांसी में बोले आशुतोष टंडन, पेयजल समस्या से निपटना हमारी प्राथमिकता
X
झांसी में समीक्षा बैठक, आशुतोष टण्डन ने 9 विकास कार्यो का शिलान्यास किया

झांसी: उत्तर प्रदेश सरकार के शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार गरीबी उन्मूलन नगर विकास मंत्री आशुतोष टण्डन द्वारा सर्किट हाउस में नगर निगम के कार्यो सहित स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत किये जा रहे कार्यो की प्रगति की जानकारी एवं समीक्षा के साथ 9 विकास कार्यो का लोकार्पण व शिलान्यास किया। उन्होने कहा कि झाँसी का प्रदेश में गौरवशाली स्थान है, इस महानगर का गौरव बना रहे, उसमें चार-चांद लगे। इसके लिये प्रदेश सरकार, समस्त प्रतिनिधि लगातार प्रयासरत है और इन प्रयासों का सुखद परिणाम भी दिखने लगा है।

निर्माण कार्यो की भी समीक्षा

समीक्षा के दौरान मंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार गरीबी उन्मूलन मंत्री ने कहा कि पेयजल समस्या से निपटना हमारी प्राथमिकता है। उन्होने अमृत योजना (जो अब अटल नवीनीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन है) की समीक्षा करते हुये अमृत कार्यक्रम के अन्तर्गत झाँसी पेयजल पुर्नगठन योजना फेज 1,2 के कार्यो की जानकारी ली। वर्तमान में फेज 1 की प्रगति 63 प्रतिशत है, मेडीकल कालेज एवं कोछाभांवर जोन में पेयजलापूर्ति आरम्भ कर दी गयी है तथा गुमनावारा में आंशिक रुप से पेयजल आपूर्ति प्रारम्भ है। फेज 2 के अन्तर्गत कार्य प्रारम्भ है और प्रगति 22 प्रतिशत एवं योजना पर रु 110.13 करोड़ का व्यय किया जा चुका है। बैठक में अमृत योजनान्तर्गत झाँसी नगर में कराये जाने वाले कुल 7 पार्को के निर्माण कार्यो की भी समीक्षा की गयी।

जल निगम के कार्यों की घोर निन्दा

नगर विकास मंत्री अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा एवं महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा ने योजनान्तर्गत जल निगम द्वारा कराये जा रहे कार्यो पर घोर निन्दा करते हुये कहा कि क्षेत्र विशेष रुप से शिवाजी नगर में पाइपलाइन डालने के बाद सड़क को वैसे ही छोड़ दिया गया। लगभग 3 माह से क्षेत्र में आये दिन दुर्घटनाये हो रही है, इसी प्रकार उन्होने बरुआसागर क्षेत्र में पेयजल समस्या की जानकारी देते हुये कहा कि वहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण आपूर्ति लगभग 3 वर्षो से प्रभावित और लोगों को विकट समस्या का सामना करना पड़ता है। विभागीय अधिकारी समस्या को निपटाना नही चाहते। मा मंत्री जी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये तत्काल जल निगम, जल संस्थान के अधिकारियों को जिलाध्यक्ष भाजपा के साथ क्षेत्र का भ्रमण कर समस्या को निस्तारित करने के निर्देश दिये।

वसूली को बढ़ाया जायेगा: नगर आयुक्त

नगर निगम झाँसी के विकास कार्यों एवं स्मार्ट सिटी के कार्यो की समीक्षा में नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय ने मंत्री को 14 वें व 15 वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि व उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होने बताया कि महानगर में गढढामुक्त एवं सड़कों का नवीनीकरण कार्य लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। नगर निगम ने 05 जुलाई 2020 को 75200 पौधों का रोपण किया। वृक्षारोपण हेतु कुल 23 स्थलों का चयन किया और एक ही दिन में लक्ष्य पूर्ण किया गया। कर एवं करेत्तर देयो की वसूली के बारे में नगर आयुक्त ने बताया कि 2511.40 लाख लक्ष्य के सापेक्ष अभी वसूली 1244.90 लाख है जो कम है लेकिन अभी समय है और प्रयास करते हुये वसूली को बढाया जायेगा।

ये भी पढ़ें : कुशीनगर: बंदरों के आतंक से परेशान ग्रामीण, सोनू सूद से मांगी मदद, मिला ये जवाब

अगर मंत्री वार्डों में जाते हैं तो सफाई व्यवस्था की खुलती पोल

नगर आयुक्त ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की तैयारी की अद्यतन स्थिति से भी नगर विकास मंत्री को अवगत कराते हुये बताया कि नगर निगम में स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के लिये ओडीएफ का क्यूसीआर द्वारा सत्यापन किया जा चुका है। 60 वार्डो में प्रतिदिन विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त समस्त सार्वजनिक शौचालयों, सामुदायिक शौचालय, पेशाबघर का भी दिन में चार बार सफाई कार्य कराया जाता है। एनजीओ के माध्यम से नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जागरुकता अभियान कार्यक्रम किये जा रहे है। शहर के कई वार्डों में महीनों से सफाई तक नहीं होती है। गंदगी फैली हुई है। नाली साफ न होने से बदबू तक आ रही है। यह स्थिति बीकेडी के पास स्थित वार्ड की है।

ये भी पढ़ें : Auraiya News: जिलाधिकारी ने कहा- राजस्व वसूल कर लक्ष्य को किया जाए पूरा

झाँसी महानगर में चार-चांद लगे

समीक्षा बैठक के पश्चात नगर विकास मंत्री द्वारा लगभग रु 27 करोड़ की धनराशि से 9 कार्यो का लोकार्पण किया। उन्होने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में नगर वासियों को शुभकामनाये देते हुये कहा कि झाँसी का प्रदेश में गौरवशाली स्थान है, इस महानगर में चार-चांद लगे, इसके लिये प्रदेश सरकार प्रतिबद्व है। झाँसी स्वच्छता में 169 नम्बर पर था परन्तु विगत दो वर्षो में 60 वें स्थान पर आ गया है। इस वर्ष झाँसी टॉप 10 में शामिल हो ऐसे प्रयास किये जाये।

उन्होने कहा कि श्रीमोदी ने देश भर में 100 स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की, जिसमें स्मार्ट सिटी बनाने के लिये 10 महानगर उ0प्र0 को मिले है। प्रदेश में 17 नगर निगम है जो 7 शेष रह गये, उन्हे श्रीयोगी राज्य स्मार्ट सिटी घोषित कर दिया। उन्होने स्मार्ट सिटी के कार्यो पर संतोष व्यक्त किया और आईसीसीसी के कार्य की तारीफ करते हुये बताया कि झांसी महानगर इस कन्ट्रोल रुम से कन्ट्रोल किया जा सकेगा। एक स्थान से ही ट्रैफिक, सफाई व्यवस्था, पेयजलापूर्ति, सीवेज सभी कन्ट्रोल होगा, उन्होंने कंट्रोल रूम के कार्य को 1 माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि नगर वासियों को इसका लाभ प्राप्त हो सके।

इस मौके पर मेयर रामतीर्थ सिंघल, विधायक सदर रवि शर्मा, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा, जिलाध्यक्ष जमुना प्रसाद कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, प्रतिनिधि सांसद झांसी ललितपुर अतुल अग्रवाल, मण्डलायुक्त सुभाष चन्द्र शर्मा, जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी, विशेष सचिव इन्द्रमणि, उप नगर आयुक्त शादाब असलम, नोडल स्मार्ट सिटी अमित कुमार शर्मा सहित जल निगम, जल संस्थान, नगरीय आवास से जुड़े अधिकारीगण, विभिन्न वार्डो के पार्षदगण व अन्य विशिष्ट जन उपस्थित रहे।

बी के कुश्वाहा

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story