×

सेबी का शिकंजा, सहारा क्यू शॉप में कौड़ियों के दाम बेचे गए सामान

Admin
Published on: 7 April 2016 5:33 AM GMT
सेबी का शिकंजा, सहारा क्यू शॉप में कौड़ियों के दाम बेचे गए सामान
X

लखनऊ: सेबी का शिकंजा कसते ही सहारा की डूबती नैया का साथ छोड़ने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। राजधानी के बक्शी का तालाब स्थित सहारा क्यू शॉप में करोड़ों का माल औने-पौने दाम में बेच दिया गया है। ऐसा सेबी के सहारा की सपंत्तियों को बेचे जाने के आदेश के बाद हुआ। ​इसके बाद लगातार यहां से करोड़ों का सामान हटाया जा रहा है।

होली के पहले हजार लोगों की भीड़ थी इकट्ठा

सहारा क्यू शॉप के सामान बेचे जाने की खबर होली के आस-पास ही इलाके में फैल गई थी। इसके बाद हजारों की संख्या में लोग गोदाम के बाहर एकत्रित हो गए थे और मनचाहा सामान औने-पौने दाम में ले गए।

यह भी पढ़ें... सुप्रीम कोर्ट ने सेबी को दिया आदेश- बेची जाए सहारा की प्रॉपर्टी

दो हजार के ब्रांडेड सूट 200 में बिके

क्यू शॉप में काम करने वाले एक कर्मचारी ने बताया कि जब भीड़ सामान खरीदने के लिए इकट्ठा थी तो उस समय दो हजार के ब्रांडेड कंपनियों के सूट 200 में बिके। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक और घरेलू प्रयोग की चीजों भी कौड़ियों के दाम बेची गईं।

अभी भी लखनऊ से पहुंच रहे खरीददार

इस गोदाम में अभी भी लखनऊ से खरीददार पहुंच रहे हैं। लोग इस आशा के साथ यहां आ रहे हैं कि उन्हें सस्ते में सामान मिल जाएगा। पर गोदाम के गार्ड जब उन्हें बताते हैं कि अब गोदाम में सामान बचा ही नहीं तब वह निराश होकर लौटते हैं।

यह भी पढ़ें...अब 170 एकड़ में बसा सहारा शहर भी नहीं दे सकेगा सुब्रत राय को सहारा

अभी भी खाली किया जा रहा गोदाम

बख्शी का तालाब स्थित देवरई कला गांव में सहारा क्यू शॉप का यह गोदाम है। स्थानीय निवासियों के अनुसार लगभग 15 दिनों से इस गोदाम से सामान ले जाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक गांव वाले बताते हैं कि गोदाम का सारा सामान किसी को बेच दिया गया है। वहीं व्यापारी यहां से सामान ले जा रहे हैं।

मच सकती है लूट

सेबी के सहारा की संपत्तियों के बेचे जाने की खबरों के बाद से शॉप के लोगों को यहां लूट होने का डर सताने लगा था। इसकी वजह से यहां मौजूद सामान को जल्द से जल्द हटाया जा रहा है।

किराए के भवन में है यह गोदाम

स्थानीय निवासियों के मुताबिक तकरीबन दो साल पहले सहारा ने यह गोदाम किराए पर लिया था और तभी से यहां पर सामान का स्टाक रखा जा रहा था।

सहारा क्यू शाप में क्या था सामान

इस शॉप में ब्राण्डेड इलेक्ट्रानिक आइटम जैसे-एलईडी, फ्रीज, कूलर, जूसर-मिक्सर बड़ी तादाद में थे। इसके अलावा ब्रांडेड कपड़े भी थे। इसके अलावा घर में डेली इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुएं यहां भारी तादाद में थी।

एक अप्रैल 2013 को 10 राज्यों में खुले थे 315 स्टोर

आपको बता दें कि एक अप्रैल 2013 को सहारा इंडिया परिवार की उपभोक्ता उत्पाद बेचने वाली रिटेल कंपनी सहारा क्यू शॉप का नाम देशभर में एक साथ सबसे अधिक स्टोर खोलने के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ था। सहारा ने इसी दिन देश के 10 राज्यों में एक साथ 315 स्टोर खोले थे।

Admin

Admin

Next Story