×

सहारनपुर में गरजे सीएम योगी, बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों की संपत्ति होगी जब्त

Saharanpur News: सीएम योगी ने आज सहारनपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला।

Neena Jain
Report Neena Jain
Published on: 12 April 2024 11:13 AM GMT (Updated on: 12 April 2024 12:16 PM GMT)
सहारनपुर में सीएम योगी।
X

सहारनपुर में सीएम योगी। (Pic: Social Media)

Saharanpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सहारनपुर जनपद के कैराना लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंगोह विधानसभा और सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के देवबंद तहसील के अंतर्गत बड़गांव में भाजपा उम्मीदवार प्रदीप चौधरी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भारत माता की जय से अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि आज कोई नौजवान के भविष्य के साथ खिलवाड़ करेगा तो उसके बाप दादा की संपत्ति जब्त करके गरीबों में बटवा देंगे। पहले माफिया सर चढ़कर बोलते थे। छोटी-छोटी बात पर दंगा होता था और आज दंगा करने वाले भूल गए हैं। उन्हें उल्टा लटका दिया जाता है।

विपक्ष ने सहारनपुर को बनाया मजहबी अखाड़ा

अपने संबोधन में उन्होंने सपा बसपा और कांग्रेस को एक थैली के चट्टे बट्टे बताते हुए कहा कि यूपी में लोग दंगा, पत्थरबाजी भूल गए हैं। पहले होली, दिवाली और रक्षाबंधन पर कर्फ्यू लग जाता था। 70 साल तक सबको शासन का अवसर मिला, कांग्रेस बसपा सपा ने भी राज किया। यह देवबंद था, देवभूमि का मार्ग था मगर उसे मजहबी अखाड़ा बना दिया, थोड़ी सी बात के लिए फतवा जारी कर दिया जाता था। वैक्सीन भी किसे दी जाएगी और किसे नहीं यह भी फतवा तय करता था। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में अपने आप को बदलते हुए देखा होगा। 80 करोड लोगों की भूख का इंतजाम भाजपा सरकार ने किया है। सपा, कांग्रेस, बसपा ने लोगों को भूखा मरने के लिए छोड़ दिया था। भाजपा सरकार ने उनके लिए मुफ्त राशन की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर को मजहबी अनुवाद का केंद्र और फतवा का शहर बनाकर छोड़ दिया गया था।


भाजपा सरकार ने दिया दंगा मुक्त माहौल

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2016 में जब सिख विरोधी दंगे हुए तो किस प्रकार अराजकता हुई। कोई जातीय संगठन बोलने के लिए तैयार नहीं था। कावड़ यात्रा पर बैन लग जाता था। असुरक्षा का माहौल था। बेटियों को मां-बाप हॉस्टल या दूर रिश्तेदार के पास छोड़ आते थे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने दंगा मुक्त माहौल दिया है। कर्फ्यू लगाने वालों को शांत किया है। आप फिर से जाति, धर्म की राजनीति का हिस्सा न बनें। ऐसी सरकार न बनने दें जो दंगा और कर्फ्यू लगाने का काम करती हो। मुजफ्फरनगर में जब दंगा, पलायन हो रहा था तब यह सरकारी कहां थी। जो लोग कानून व्यवस्था को दुरुस्त नहीं कर सकते ऐसी सरकार को चुनने का कोई फायदा नहीं। उन्होंने कहा कि जब बाढ़ आई तो मैं खुद यहां आया था लेकिन सपा, कांग्रेस के नेता नहीं आए। उन्हें इटली और इंग्लैंड घूमने से फुर्सत नहीं मिलती थी।

सरकार ने कराया राम मंदिर का निर्माण

राम मंदिर का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पहले की सरकार ने नहीं कराया। उन्होंने कहा कि तीन तलाक को खत्म करने का काम भाजपा सरकार ने किया। कश्मीर से 370 हटाने का काम मोदी ने किया। उन्होंने कहा कि मुझे अच्छा लगता है जब मैं सहारनपुर आता हूं। यहां विकास की गंगा बहती है। दिल्ली से देहरादून एक्सप्रेस का निर्माण हो रहा है। इस मिट्टी के लाल ने किसानों को सम्मान देने का काम किया है। बसपा सरकार में किसान आत्महत्या कर रहे थे, बेरोजगार पलायन कर रहे थे, बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। भाजपा ने कानून का राज लाया। कांग्रेस, सपा, बसपा सब एक ही थैली के चट्टे बट्टे हैं। मुझे भगवान शिव के आशीर्वाद से इस धरती पर आने का मौका मिला, यह मेरा सौभाग्य है। उन्होंने भाजपा की आयुष्मान योजना, आवास योजना, उज्जवल योजना आदि कई योजनाओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि प्रयागराज का एक माफिया पिछड़ी जाति के व्यक्ति की हत्या कर उसकी प्रॉपर्टी पर कब्जा कर लेता था लेकिन हमने माफियाओं की कब्जाई जमीन पर गरीबों का घर बना दिया। यह लोगों को परेशान करता था। अब वह कहां है सब जानते हैं।


Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story