Mainpuri By Election: आपने कहा एक हो जाओ हम हो गए, डिम्पल आपकी बहू भारी मतों से जिताना - शिवपाल सिंह यादव

Mainpuri By Election 2022: सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अवसान के बाद पहली बार इटावा में शिवपाल, अखिलेश और रामगोपाल एक मंच पर दिखायी दिए और यादव कुनबा ने एकजुटता का यह पहला संदेश दिया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 20 Nov 2022 7:19 AM GMT (Updated on: 20 Nov 2022 8:27 AM GMT)
X

Mainpuri By Election 2022 (Social Media)

Mainpuri By Election 2022: समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के अवसान के बाद पहली बार इटावा में शिवपाल, अखिलेश और रामगोपाल एक मंच पर दिखायी दिये। समाजवादी कुनबा से एकजुटता का यह पहला संदेश है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा ये पहला चुनाव है जब नेताजी हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैनपुरी की जनता ने ही नेताजी को बनाया था। शिवपाल यादव ने महत्वपूर्ण लोगों की बैठक बुलाई है। शिवपाल यादव ने कहा मैनपुरी उपचुनाव प्रतिष्ठा का चुनाव है। डिंपल हमारी बहू है, ये सम्मान की लड़ाई है। आपने कहा था एक हो जाओ, हम एक हो गए। डिंपल मैनपुरी की बहू हैं, इसे जिताना अब आप की जिम्मेदारी है। बड़ी जीत दिलानी है। एक होकर ही बीजेपी को हराया जा सकता है। हमारे खिलाफ साजिशे हो रही हैं। भाजपा को इस बार करारा जवाब देना है।

भाजपा को घबराहट हो रही होगी - अखिलेश

नेता प्रतिपक्ष और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अपने संबोधन के दौरान सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमें साथ देखकर भाजपा को सबसे अधिक तकलीफ महसूस हो रही होगी। भाजपा को आज सबसे अधिक घबराहट हो रही होगी। उन्होंने कहा कि चाचा और भतीजे के बीच दूरियां कभी नहीं थीं, राजनीति में दूरियां थीं । हम नेताजी के बताए हुए रास्ते पर चलेंगे। मैनपुरी का उपचुनाव पूरा देश देख रहा है।

मैनपुरी उपचुनाव के लिए जसवंतनगर विधानसभा के सैफ़ई में "कार्यकर्ता सम्मेलन" को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा "नेताजी ने कभी भी जसवंतनगर के लोगों को दूर का नहीं समझा बल्कि अपने परिवार का सदस्य समझकर ही ज़िंदगी भर यहां के लोगों के बीच में काम किया। आज चाचा से राजनीतिक दूरियां भी दूर हो गईं।अब घबराहट तो बीजेपी को हो रही होगी।" उन्होंने कहा कि "अगर जसवंतनगर ने मन बना लिया और करहल साथ चल दिया। मैनपुरी ठीक हो गई, लोग मन बनाए हैं और भोगांव में भी जीतने वाले हैं, तो सोचो परिणाम इस बार क्या होगा।"

चाचा-भतीजे के मंच पर पहुंचते लगे नारे

विधानसभा चुनाव के बाद अक्सर एक दूसरे के खिलाफ बयानों का तीर चलाने वाले शिवपाल और अखिलेश यादव के बीच रविवार को खूब स्नेह देखने को मिला। लंबे अरसे बाद अखिलेश यादव अपने चाचा की तारीफ करते नजर आए। मुलायम परिवार मैनपुरी उपचुनाव में डिंपल यादव को जिताने सैफई के एसएस मेमोरियल विद्यालय में एक जुट हुए। मंच पर रामगोपाल यादव, तेज प्रताप यादव और आदित्य यादव भी मौजूद रहे। मंच पर अखिलेश और शिवपाल के कदम रखते ही वहां मौजूद सपा-प्रसपा के कार्यकर्ताओं में जोश भर गया। दोनों के आते ही नेताजी जिंदाबाद और नेताजी अमर रहे के नारे लगने लगे।

शिवपाल के घर पहुंचे अखिलेश और डिंपल

मैनपुरी उपचुनाव में चाचा शिवपाल की नाराजगी से उत्पन्न खतरे को भांपते हुए सपा सुप्रीमो ने अपनी तरफ से पहले करते हुए पत्नी डिंपल यादव के साथ 18 नवंबर को उनसे मुलाकात की थी। ये मुलाकात प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव के आवास पर करीब 1 घंटे तक चली थी। इस दौरान शिवपाल के बेटे आदित्य भी साथ मौजूद थे। शिवपाल के हृदय परिवर्तन में इस मुलाकात का अहम योगदान बताया जा रहा है। उनका नाम स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल है।

आप को बता दें कि मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए 5 दिसंबर को वोटिंग होनी है। नतीजे 8 दिसंबर को आएंगे। बीजेपी ने यहां से पूर्व सपा नेता रघुराज शाक्य को उम्मीदवार बनाया है। शाक्य लंबे अरस तक सपा में रहे और बाद में शिवपाल के साथ हो लिए। लेकिन गत विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने के बाद उन्होंने सपा छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया था। रघुराज शाक्य का इटावा में ठीक-ठाक पकड़ है, यही वजह है कि इस उपचुनाव को सपा के लिए मुश्किल माना जा रहा है।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story